पटना: खगौल में प्रदर्शन के बाद 150 अज्ञात छात्रों पर प्राथमिकी, वीडियो फुटेज के आधार पर होगी पहचान

खगौल में छात्र आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 150 अज्ञात छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर उपद्रव करने वाले छात्रों की पहचान कर रही है.

Khagaul student protest: खगौल में छात्र आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के बाद खगौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 अज्ञात छात्रों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान विधि-व्यवस्था भंग की गई और कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई. पुलिस अब प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज, तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छात्रों की पहचान करने में जुटी है.

जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में हुआ था प्रदर्शन

गौरतलब है कि गुरुवार को युवा क्रांति बिहार के बैनर तले पेपर लीक, शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में हजारों छात्र-छात्राओं ने खगौल में आक्रोश मार्च निकाला था. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विभिन्न मार्गों से मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई थी.

वीडियो और फोटो से होगी पहचान

खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि शहर में विधि-व्यवस्था भंग करने के आरोप में 150 अज्ञात छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करने और कानून हाथ में लेने वाले लोगों की पहचान वीडियो फुटेज और तस्वीरों के माध्यम से की जा रही है. पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस कर रही साक्ष्यों की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रदर्शन से जुड़े विभिन्न वीडियो और फोटो की जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस मामले को लेकर छात्र संगठनों की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay kumar pandey khagaul

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >