पटना में छत से गिरकर राजमिस्त्री की मौत, पत्नी बोली- हथौड़ी से सिर पर वार कर की हत्या

Patna Death Of Mason : पटना के दीघा में निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर एक राजमिस्त्री की मौत हो गई. हालांकि, पत्नी ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए मकान मालिक और एक मजदूर पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.

Patna Death Of Mason : पटना के दीघा थाना क्षेत्र की गांधी गली में निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर एक राजमिस्त्री की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बिहटा के सदिसोपुर निवासी शत्रुघ्न चौधरी (38) के रूप में हुई है. घटना शनिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे की बतायी जा रही है.

पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत

जानकारी के अनुसार, शत्रुघ्न चौधरी गांधी गली निवासी सुरेंद्र राय के मकान में निर्माण कार्य कर रहा था. शनिवार शाम वह मकान की छत पर पिलर बांधने का काम कर रहा था. इसी दौरान वह छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

पत्नी ने हादसा मानने से किया इनकार

शत्रुघ्न की मौत के बाद उसकी पत्नी शर्मिला देवी ने घटना को हादसा मानने से इनकार कर दिया. उसने मकान मालिक सुरेंद्र राय और वहां काम कर रहे एक मजदूर पर गंभीर आरोप लगाया है. पत्नी का आरोप है कि दोनों ने हथौड़ी से शत्रुघ्न के सिर पर वार कर उसकी हत्या की और बाद में उसे छत से गिरा दिया.

मकान मालिक और मजदूर हिरासत में

पत्नी के आरोप के बाद दीघा पुलिस ने मकान मालिक सुरेंद्र राय और वहां काम कर रहे मजदूर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस दोनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है. हालांकि, अभी तक हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है.

मकान मालिक और मजदूर ने बताया हादसा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मकान मालिक और मजदूर ने बताया कि शत्रुघ्न का पैर फिसल गया था, जिसके कारण वह छत से नीचे गिर गया. दोनों ने हत्या के आरोप से इनकार किया है. वहीं, मृतक की पत्नी अपने आरोप पर कायम है.

घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच

दीघा के प्रभारी थानेदार सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है. घटनास्थल की परिस्थितियों को भी देखा जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि शत्रुघ्न की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना थी.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की जांच और हिरासत में लिये गये लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

Also Read : 'पास कराने का सौदा, पहले जमा कराये मूल प्रमाणपत्र', चालक सिपाही भर्ती में सेटिंग कराने वाले गिरोह का ऐसा खुला राज, 5 धराएं

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >