पटना में नहीं हो पा रहा कोचिंग का रजिस्ट्रेशन, फरवरी से पोर्टल बंद, 7 माह में आए सिर्फ इतने आवेदन

Patna Coaching Registration : पटना जिले में कोचिंग संस्थानों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पिछले सात महीनों से धीमी रही है, जिसमें केवल 19 नए संस्थान पंजीकृत हुए हैं. ऑनलाइन पोर्टल के बंद होने के कारण यह स्थिति बनी है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही यह समस्या दूर हो जाएगी.

Patna Coaching Registration : पटना जिले में पिछले सात माह के दौरान सिर्फ 19 नये कोचिंग संस्थानों का ही रजिस्ट्रेशन हुआ है. वहीं छह पुराने कोचिंग संस्थानों की जांच के बाद उनका भी निबंधन किया गया. जिला शिक्षा कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक कुल 548 कोचिंग संस्थान पंजीकृत हैं. रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया प्रभावित होने की बड़ी वजह ऑनलाइन पोर्टल का बंद होना रही है.

फरवरी से बंद है ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा

फरवरी 2026 से कोचिंग रजिस्ट्रेशन पोर्टल बंद है. इसके कारण नये कोचिंग संस्थानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा था. जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार पोर्टल की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी से इसके रिन्यूअल के लिए कोटेशन मांगा गया है. विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह से ऑनलाइन कोचिंग रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल दोबारा शुरू कर दिया जायेगा.

पोर्टल बंद होने से पहले मिले थे 50 आवेदन

जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पोर्टल बंद होने से पहले कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए थे. इन आवेदनों के आधार पर संबंधित कोचिंग संस्थानों की जांच करायी गयी. जांच के बाद 19 नये कोचिंग संस्थानों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि छह पुराने कोचिंग संस्थानों को भी जांच के बाद पंजीकृत किया गया.

पटना में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे कोचिंग पर होगी कार्रवाई

जिले में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की तैयारी जिला शिक्षा कार्यालय ने शुरू कर दी है. विभाग के अनुसार जिन कोचिंग संस्थानों ने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को सील भी किया जा सकता है.

अगले माह से शुरू होगी औचक जांच

बिना निबंधित कोचिंग संस्थानों की पहचान और जांच के लिए अगले माह से औचक निरीक्षण शुरू करने की तैयारी है. अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से यह निरीक्षण कराया जायेगा. इसका उद्देश्य जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों के रजिस्ट्रेशन की स्थिति की जांच करना और बिना निबंधन चल रहे संस्थानों पर कार्रवाई करना है.

पांच सदस्यीय कमेटी करेगी कोचिंग संस्थानों की जांच

कोचिंग संचालकों की ओर से प्राप्त आवेदनों के आधार पर जिला प्रशासन की पांच सदस्यीय कमेटी जांच करेगी. इस कमेटी में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल होंगे. कमेटी कोचिंग संस्थानों में जाकर निर्धारित मानकों और रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी.

महेंदू का खान कोचिंग हुआ पंजीकृत

जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार पटना के महेंदू स्थित खान कोचिंग का रजिस्ट्रेशन कर दिया गया है. वहीं ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से पोर्टल बंद होने के कारण जुलाई में ही जिला शिक्षा कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन दिया गया था. ऐसे संस्थानों के आवेदनों पर भी विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ायी जा रही है.

अगले सप्ताह पोर्टल शुरू होने के बाद बढ़ेंगे आवेदन

ऑनलाइन कोचिंग रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू होने के बाद नये संस्थानों के लिए आवेदन की प्रक्रिया फिर से शुरू हो जायेगी. इससे रजिस्ट्रेशन के लिए लंबित आवेदनों को ऑनलाइन प्रक्रिया में लाने में मदद मिलेगी. विभाग का फोकस अब पंजीकरण के साथ-साथ बिना निबंधन चल रहे कोचिंग संस्थानों की जांच पर भी है.

Also Read : पटना का हरिलाल मिठाई कारखाना होगा बंद, मिथिला डेयरी का प्लांट भी होगा क्लोज, जानिए क्या है वजह

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साक्षी कुमारी

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >