Patna NMC Approval: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH), बिहटा को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC), नई दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संस्थान में एमबीबीएस की 250 सीटों पर नामांकन की स्वीकृति प्रदान कर दी है. इससे पहले कॉलेज में 150 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की मान्यता थी. नई मंजूरी के बाद संस्थान बिहार के प्रमुख निजी मेडिकल कॉलेजों में और अधिक सशक्त स्थान हासिल करेगा.
अत्याधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मिली मान्यता
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि संस्थान की अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, आधुनिक प्रयोगशालाओं, उन्नत शिक्षण सुविधाओं, अनुभवी शिक्षकों तथा गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के प्रति लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है.
संस्थान के चेयरमैन एम. एम. सिंह ने कहा कि 250 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति केवल संस्थान की नहीं, बल्कि बिहटा, पटना और पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है. इससे राज्य के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अपने ही प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में बिहार को अधिक संख्या में योग्य चिकित्सक मिल सकेंगे.
चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान में स्थापित होंगे नए मानक
संस्थान के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित करना है. उन्होंने भरोसा जताया कि NSMCH आने वाले वर्षों में मेडिकल एजुकेशन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा.
वहीं, संस्थान के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित ने कहा कि कॉलेज राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के सभी मानकों पर खरा उतरते हुए चिकित्सा शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा.
बिहार के छात्रों को मिलेगा लाभ
एमबीबीएस सीटों की संख्या 150 से बढ़कर 250 होने के बाद बिहार के छात्रों के लिए राज्य में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अवसर बढ़ेंगे. इससे मेडिकल शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों की ओर रुख करने वाले विद्यार्थियों को भी राहत मिलेगी.
इस उपलब्धि पर चेयरमैन एम. एम. सिंह ने राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग, संस्थान के शिक्षकों, चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बिहटा, पटना और पूरे बिहार के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से संस्थान भविष्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.
Also Read: बिहार के इन स्टेशनों पर होगा गुवाहाटी स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज, यूपी-बंगाल का सफर बनेगा आसान
