PHOTOS: एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक का लुक होगा वर्ल्ड क्लास, पटना में 3 प्रमुख जगहों पर बनेगा अर्बन ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर; देखें डिजाइन

पटना में अब एयरपोर्ट रोड, गांधी मैदान व मीठापुर-करबिगहिया फ्लाइओवर के नीचे की जगहों को हरा-भरा और सुंदर बनाया जाएगा. यात्रियों, पैदल चलने वालों व साइकिल चालकों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी.

Patna News: राजधानी के खाली व कम उपयोग वाले जगहों को हरित व मनोरंजक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. इसके लिए अर्बन ग्रीन एंड रिक्रिएशनल इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत तीन प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है. पटना नगर निगम की ओर से यह कवायद की जा रही है. इसकेे लिए निगम की टीम ने सर्वे कर इसकी सूची तैयारी की है. इनमें पहला पटेल गोलंबर से शेखपुरा मोड़ तक यानी एयरपोर्ट रोड, गांधी मैदान की आंतरिक व बाहरी परिधि और मीठापुर-करबिगहिया फ्लाइओवर के नीचे का क्षेत्र विकसित होगा.

परियोजना का मुख्य उद्देश्य हरियाली बढ़ाने के साथ पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों व स्ट्रीट वेंडरों को बेहतर सुविधाएं देना है. सुगम आवाजाही के लिए पक्के फुटपाथ, टैक्टाइल पट्टी, बेंच, सजावटी लाइटें, डस्टबिन व पौधरोपण कराने की तैयारी है. इसके लिए ड्राइंग तैयार कर ली गयी है.

पटेल गोलंबर से शेखपुरा मोड़ तक एयरपोर्ट रोड का बदलेगा लुक

पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट होते हुए शेखपुरा मोड़ तक की सड़क को आकर्षक प्रवेश मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके तहत सड़क के दोनों किनारों पर चौड़े फुटपाथ, अलग साइकिल ट्रैक व डिवाइडर पर घनी हरियाली होगी. दृष्टिबाधितों की सुविधा के लिए फुटपाथ पर पीले रंग की टैक्टाइल पट्टी लगाई जाएगी. सड़क किनारे सजावटी स्ट्रीट लाइटें, पौधों के गमले व दीवारों पर बिहार की कला-संस्कृति पर आधारित चित्र उकेरे जाएंगे. इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को विश्वस्तरीय हरित मार्ग का अनुभव मिलेगा.

गांधी मैदान की परिधि में बनेंगे एक समान वेंडिंग कियोस्क और ऑटो स्टैंड

गांधी मैदान की बाहरी और आंतरिक परिधि को नया रूप दिया जाएगा. मैदान के चारों ओर व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनेंगे, जहां चाय-नाश्ता और फल की दुकानों के लिए एक समान डिजाइन के कियोस्क होंगे. इससे बेतरतीब दुकानों से मुक्ति मिलेगी. बाहरी हिस्से में ऑटो स्टैंड को भी व्यवस्थित किया जाएगा. इसके अलावा पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, बैठने के लिए बेंच, पर्याप्त रोशनी और कचरा प्रबंधन के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए जाएंगे. इससे गांधी मैदान के आसपास टहलने और आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी.

मीठापुर-करबिगहिया फ्लाइओवर के नीचे बनेगा हरित व उपयोगी क्षेत्र

मीठापुर से करबिगहिया के बीच फ्लाइओवर के नीचे के खाली और अनुपयोगी स्थान को सुंदर ग्रीन जोन में बदला जाएगा. पिलरों के बीच लैंडस्केपिंग कर पौधे लगाए जाएंगे. इसके अलावा पैदल पथ, बैठने के लिए बेंच और आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी. पैदल यात्रियों के लिए टैक्टाइल पथ और कचरा फेंकने के लिए डस्टबिन की सुविधा भी रहेगी. इस पहल से फ्लाइओवर के नीचे होने वाले असंगठित अतिक्रमण पर रोक लगेगी और खाली जगह एक उपयोगी सार्वजनिक क्षेत्र के रूप में बदल जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

हिमांशु देव सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >