patna News: पालीगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार की देर रात अरवल मोड़ स्थित एसबीआई शाखा के सामने खड़े एक कंटेनर से 863.1 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. इस मामले में कंटेनर के चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के रहने वाले हैं.
गुप्त सूचना पर गठित की गई थी टीम
पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में शराब और अन्य आपत्तिजनक सामान लेकर पालीगंज क्षेत्र में खड़ा है. सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दारोगा दीपक कुमार, विद्यानंद, मुकेश कुमार और सुधीर कुमार के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया.
कंटेनर की तलाशी में मिली विदेशी शराब
पुलिस टीम ने पालीगंज-कनपा रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के समीप एक संदिग्ध कंटेनर को खड़ा पाया. संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई 863.1 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.
चालक और खलासी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कंटेनर के चालक उस्मान पासा और खलासी दानिश आलम को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपी कामलपुर, थाना कुंदरकी, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जाते हैं.
पालीगंज थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
