पटना: नदी थाना पुलिस की दोहरी सफलता, 5 किलो गांजा और देशी कट्टा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Patna Crime: पटना पुलिस के नशा मुक्ति अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है. नदी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 5 किलो गांजा, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत की गई.

Patna Crime: पटना पुलिस के अपराध नियंत्रण एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत नदी थाना पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने एक ओर पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया, वहीं दूसरी छापेमारी में एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस जब्त किया है. दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर नदी थाना क्षेत्र के भोजीपुर कृपाल टोला में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई. यह कार्रवाई नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की.

चौकी के नीचे छिपाकर रखा था 5 किलो गांजा

पहली कार्रवाई कृपाल टोला निवासी 23 वर्षीय गुड्डू कुमार के घर पर की गई. पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कमरे में चौकी के नीचे छिपाकर रखा गया पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया. मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नदी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. उससे पूछताछ कर गांजा की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.

बक्से के नीचे मिला देशी कट्टा और कारतूस

वहीं दूसरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर कृपाल टोला निवासी 26 वर्षीय जितेंद्र प्रसाद के घर पर की गई. तलाशी के दौरान उसके कमरे में बक्से के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध नदी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. बरामद हथियार के इस्तेमाल और उसके स्रोत की जांच की जा रही है.

दंडाधिकारी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

दोनों छापेमारी अभियान दंडाधिकारी की मौजूदगी में संपन्न कराए गए. इस अभियान में नदी थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण और नशा मुक्ति अभियान के तहत इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sudhir kumar singh

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >