PhD Coursework Examination : पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह के मार्गदर्शन और टीपीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य के नेतृत्व में आयोजित पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षा-2026 का तीसरा दिन भी शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ. इसके साथ ही पीएचडी कोर्स वर्क की तीन दिवसीय निर्धारित परीक्षा प्रक्रिया पूरी हो गयी.
तीसरे दिन कोर विषयों की हुई परीक्षा
परीक्षा के तीसरे दिन सभी कोर विषयों के शोधार्थियों की परीक्षा आयोजित की गयी. विभिन्न विषयों के शोधार्थियों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित रोल नंबर और कक्ष के अनुसार बैठने की व्यवस्था की गयी थी. प्रश्नपत्र वितरण, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा कक्षों की निगरानी समेत अन्य सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संचालित की गयीं.
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. प्रणय गुप्ता, सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकुल कुमार, परीक्षा पर्यवेक्षक एवं पीपीयू एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. सुजीत दुबे, डॉ. संतवना रानी और कॉलेज इंस्पेक्टर श्री कृष्णनंदन प्रसाद परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहे. अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्था, अनुशासन और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक पायी गयी. अधिकारियों ने परीक्षा की पारदर्शिता और गरिमा बनाये रखने के लिए महाविद्यालय प्रशासन की ओर से की गयी तैयारियों का भी अवलोकन किया.
परीक्षा विभाग के कार्यों की सराहना
परीक्षा के सफल संचालन में महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक श्री मुकुंद कुमार और परीक्षा विभाग के श्री अम्बरीश कुमार समेत संबंधित कर्मियों की भूमिका की सराहना की गयी. तीनों दिनों की परीक्षा के दौरान समयबद्ध तैयारी, समन्वय और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया गया.
कुलपति के मार्गदर्शन में परीक्षा का सफल आयोजन
प्राचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य ने परीक्षा के सफल समापन पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो सका. उन्होंने परीक्षा से जुड़े विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों और महाविद्यालय के परीक्षा विभाग के प्रति आभार जताया.
एक सप्ताह में परिणाम आने की संभावना
परीक्षा के सफल समापन के बाद विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षा का परिणाम लगभग एक सप्ताह के भीतर प्रकाशित होने की संभावना है. इससे परीक्षा में शामिल शोधार्थियों को परिणाम के लिए अधिक समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. तीन दिवसीय परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय और महाविद्यालय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय रहा. परीक्षा को अनुशासित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने में परीक्षा विभाग एवं संबंधित कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
