Organ Donation Patna : दधीचि देहदान समिति की ओर से सोमवार को बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन परिसर में अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अंगदान और देहदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ समिति के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया.
पदाधिकारियों का हुआ अभिनंदन
समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने की. इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष संजय सत्यदर्शी, जिन्हें बिहार का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है, उपाध्यक्ष डॉ. संजीव चौरसिया, सचिव सुषमा साहू तथा उपाध्यक्ष डॉ. एम. रहमान को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया.
अंगदान और देहदान के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गंगा प्रसाद ने कहा कि समिति के पदाधिकारियों की उपलब्धियां पूरे संगठन के लिए गर्व का विषय हैं. उन्होंने समाज में अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया.
मरणोपरांत देहदान के निर्णय की सराहना
समारोह में समिति के उपाध्यक्ष संजय सत्यदर्शी द्वारा अपनी माताजी के मरणोपरांत नेत्रदान एवं देहदान कराने के निर्णय की उपस्थित सदस्यों ने मुक्तकंठ से सराहना की. इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया गया.
कई गणमान्य सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष प्रसाद, महासचिव पद्मश्री बिमल जैन, कोषाध्यक्ष प्रदीप चौरसिया, मुकेश हिसारिया, सुनील पूर्वे, आनंद प्रधान, संजीव यादव, गोविंद कानोडिया, संजय पूर्वे सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे. समारोह के अंत में अध्यक्ष गंगा प्रसाद ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इसे भी पढ़ें : आरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर AISA का प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में रखा सामूहिक उपवास
