पटना: बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

बाढ़ और एनटीपीसी थाना क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया है।

Patna News : पटना जिले के बाढ़ पंडारक और एनटीपीसी थाना क्षेत्रों में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सामान खरीदने वाला एक सोनार भी शामिल है. पुलिस ने इनके पास से बाइक, लैपटॉप, सोने-चांदी के आभूषण और 36,200 रुपये नकद बरामद किये हैं.

तीन आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाढ़ बिंद टोली निवासी विमल महतो, नवादा गांव निवासी विक्रांत कुमार उर्फ बैठा, गैस गोदाम बिनटोली निवासी विकास कुमार, लाला बागी मोहम्मदपुर निवासी संजीव कुमार और बाढ़ बाजार निवासी रजनीश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार विमल महतो पर बाढ़, एनटीपीसी और मोहद्दीनगर थाने में पहले से मामले दर्ज हैं. विक्रांत कुमार के खिलाफ एफसीआई बेगूसराय थाना और विकास कुमार के खिलाफ बाढ़ थाने में चोरी का मामला दर्ज है.

ताला तोड़कर और सेंधमारी कर करते थे चोरी

पिछले कुछ दिनों से बाढ़, पंडारक और एनटीपीसी थाना क्षेत्रों में चोर बंद घरों का ताला तोड़कर या सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों का सुराग मिला.

चोरी का सामान खरीदने वाला सोनार भी गिरफ्तार

पुलिस जांच में चोरी का सामान खरीदने वाले बाढ़ बाजार निवासी रजनीश कुमार की संलिप्तता सामने आयी. इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तीन के खिलाफ बाढ़ थाना समेत अन्य थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है.

बाढ़ में स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार, पति फरार

बाढ़ थाना क्षेत्र के तालिवपुर वार्ड 17 में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छापेमारी कर एक महिला को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 17 पुड़िया स्मैक बरामद किया है. मामले में उसका पति संतोष कुमार फरार है, जिसे पुलिस वांछित मानते हुए तलाश कर रही है. पुलिस ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शनिवार देर रात वार्ड संख्या-17 निवासी संतोष कुमार के घर पर पुलिस ने छापेमारी की. तलाशी के दौरान 17 पुड़िया स्मैक बरामद हुआ. मौके से संतोष कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jaymani kumar barh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >