Nitin Navin Roadshow : पटना जिले के बांकीपुर विधानसभा का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में भव्य रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की. रोड शो के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन पर फूलों की बारिश कर स्वागत किया.
रोड शो के दौरान इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
रोड शो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय और विधान परिषद सदस्य संजय मयूख भी रथ पर मौजूद रहे. भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा नितिन नवीन के साथ हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते रहे.
पुराने अंदाज में दिखे नितिन नवीन
रोड शो के दौरान नितिन नवीन अपने पुराने अंदाज में मुस्कुराते हुए और हाथ जोड़कर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आए. समर्थकों ने जगह-जगह उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
इन मार्गों से गुजरा रोड शो
रोड शो की शुरुआत भट्टाचार्य रोड स्थित बाइक जंक्शन के पास से हुई. इसके बाद यह उमा सिनेमा, कदमकुआं बुद्ध प्रतिमा, साहित्य सम्मेलन, बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान स्थित मोना सिनेमा के समीप पहुंचा.
जनसभा को किया संबोधित
रोड शो के समापन पर गांधी मैदान के पास आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नितिन नवीन सहित अन्य भाजपा नेताओं ने लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: 45 हजार वोट पाने वाली रेखा गुप्ता पर तेजस्वी को भरोसा, बांकीपुर में किया जीत का दावा
