Rauniya Police OP: भगवानगंज थाना क्षेत्र के पुनर्गठन के तहत नवसृजित रौनिया पुलिस आउट पोस्ट (ओपी) का गुरुवार को शुभारंभ हुआ. एसडीओ धनराज कुमार व एसडीपीओ राघव दयाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर ओपी का उद्घाटन किया. फिलहाल रौनिया ओपी पैक्स गोदाम के समीप स्थित पंचायत पुस्तकालय भवन में संचालित होगा.
दो पंचायतों की जिम्मेदारी रौनिया ओपी को
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गठित इस ओपी में भगवानगंज थाना क्षेत्र की पांच पंचायतों में शामिल बारा व दौलतपुर पंचायत को जोड़ा गया है. इन दोनों पंचायतों के गांवों में अब विधि-व्यवस्था व पुलिसिंग की जिम्मेदारी रौनिया ओपी की होगी. वहीं, भगवानगंज थाना के अधीन अब देवरिया, भगवानगंज व लखनौर-बेदौली पंचायत शेष रह गयी हैं.
संजीव कुमार को सौंपी गयी कमान
रौनिया ओपी की कमान पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार को सौंपी गयी है. वह इससे पहले भगवानगंज थाना में पदस्थापित थे. नये ओपी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच पहले की अपेक्षा तेज होगी. इससे अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था व सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलने के साथ ग्रामीणों को पुलिस से संबंधित मामलों में त्वरित सहायता मिलने की उम्मीद है.
स्थानीय लोगों से बेहतर समन्वय का निर्देश
उद्घाटन के मौके पर एसडीओ धनराज कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. मौके पर भगवानगंज थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, प्रखंड प्रमुख सद्दाम हुसैन, सतीश सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद थे.
