खबर में खास
NEET Student Death Misa Bharti : लालू प्रसाद यादव की बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने आज बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने नीट की छात्रा की मौत के मामले पर सरकार को घेरते हुए तीखे सवाल किए. उन्होंने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित के गृह विभाग के मंत्री सम्राट चौधरी पर भी सवाल उठाए. मीसा भारती ने कहा, जो सरकार महिला सुरक्षा के नाम पर सत्ता में आई, उसी के राज में महिलाएं और बेटियां खौफ के साए में हैं.
जनता डरी हुई, बेखौफ अपराधी?
पटना एयरपोर्ट पर नीट छात्रा की मौत के मामले पर पूछे गए सवाल पर मीसा भारती ने जमकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने जवाब देते हुए गृह विभाग पर भी सवाल उठाए. उन्होंने चुनाव के दौरान बीजेपी के प्रचार को याद दिलाया, पूछा कि वो खौफ कहां गया? जो दिखाकर ये सरकार सत्ता में आई? मीसा भारती कहा कि ‘इन लोगों ने जनता को आरजेडी का भय भी दिखाया था. चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि आरजेडी सत्ता में आई तो जंगलराज आ जाएगा लेकिन आज नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डबल इंजन वाली सरकार में अपराधी बेखौफ हैं और जनता डरी हुई है.’
संसद में उठाएंगी छात्रा की मौत का मामला
मीसा भारती ने सरकार को घेरते हुए यह भी कहा- इस सरकार के दौरान बिहार में महिलाओं और बच्चियों पर अत्याचार के मामले बढ़े हैं. वो इस मामले को संसद तक में उठाएंगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएंगी.
सीबीआई जांच कराए सरकार : मीसा भारती
मीसा भारती ने इस मामले में CBI जांच की मांग की है. उन्होंने कहा, यदि पीड़ित परिवार सीबीआई जांच चाहता है, तो सरकार को इसमें देरी नहीं करनी चाहिए. सच सामने आना ही चाहिए. इसके अलावा मीसा मीडिया और प्रशासन पर तंज भी कसा. उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि बिहार में प्रशासन सोया हुआ है और केवल कुछ गिने-चुने मीडिया चैनल ही इस मुद्दे को जिंदा रखे हुए हैं.
