Flood in Phulwari Sharif : फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के पुनपुन प्रखंड में रविवार को विधायक श्याम रजक ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया. इस दौरान शेखपुरा गांव में नदी में डूबी बच्ची पूजा, पिता नंदू पंडित, को गोताखोरों की मदद से नदी से बाहर निकलवाया गया. घटना की सूचना मिलते ही विधायक ने तत्काल गोताखोरों को मौके पर भेजा.
इसके बाद विधायक ने पुनपुन प्रखंड के करीब दर्जनभर बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया. उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली. विधायक ने बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया.
बोले- घबराने की नहीं, सतर्क रहने की जरूरत
श्याम रजक ने कहा कि बाढ़ को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है. आपदा की इस घड़ी में वे क्षेत्र के लोगों के साथ 24 घंटे खड़े हैं. जरूरतमंद परिवारों के बीच सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन और राहत सामग्री उपलब्ध करायी जा रही है.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रभावित गांवों के लोगों और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचायी जा सके.
अधिकारियों को दिए राहत पहुंचाने के निर्देश
विधायक ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया. दौरे के दौरान पुनपुन प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, ओम सिंह, मनीष कुमार, रवि कुमार, गजेंद्र कुमार समेत जदयू कार्यकर्ता और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे.
