Bihar News: बिहार अब सिर्फ पलायन का राज्य नहीं, बल्कि तेजी से उभरती संभावनाओं और विकास का नया केंद्र बनता जा रहा है. इसी संदेश को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने के लिए इस्लामपुर के विधायक रूहेल रंजन बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित ‘पैन IIT एलुमनाई इंडिया समिट-2026’ में शामिल होने पहुंचे हैं.
उनके साथ चेरिया बरियारपुर के विधायक अभिषेक आनंद और IIT पटना के प्रोफेसर प्रीतम कुमार भी समिट में भाग ले रहे हैं. इस दौरान बिहार में उद्योग, तकनीकी निवेश, स्टार्टअप और रोजगार सृजन को लेकर कई महत्वपूर्ण चर्चाएं हो रही हैं.
पैन IIT बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों से की मुलाकात
समिट से पहले विधायक रूहेल रंजन ने पैन IIT बोर्ड के चेयरमैन प्रभात कुमार (IRS), महासचिव अशोक कुमार, उपाध्यक्ष अनुराग गोयल, इवेंट चेयर नीरज कुमार, सह-अध्यक्ष स्वदीप पिल्लारिसेट्टी और बोर्ड सदस्य प्रवीण कुमार से मुलाकात की. बैठक में बिहार में निवेश की संभावनाओं, तकनीकी विकास, स्टार्टअप इकोसिस्टम और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई.
‘बिहार अब अवसरों का राज्य बन रहा’
विधायक रूहेल रंजन ने कहा कि बिहार की पहचान अब तेजी से बदल रही है. सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुए बड़े कामों ने राज्य में निवेश के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया है. उन्होंने देश-विदेश में काम कर रहे बिहार मूल के इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों से अपील की कि वे अपने राज्य के विकास में भागीदारी निभाएं.
उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत सिर्फ उन्हें सही अवसर और बेहतर मंच देने की है.
बिहार बन सकता है स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी हब
रूहेल रंजन ने कहा कि अगर बिहार से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ और उद्योगपति राज्य में निवेश और मार्गदर्शन के लिए आगे आते हैं, तो बिहार आने वाले समय में स्टार्टअप, तकनीकी नवाचार और रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है. उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी.
समिट में AI और डिजिटल इनोवेशन पर मंथन
पैन IIT एलुमनाई इंडिया समिट-2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल इनोवेशन, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप इकोसिस्टम और रोजगार सृजन जैसे अहम विषयों पर चर्चा की जा रही है. देशभर के IIT पूर्व छात्र, उद्योगपति, शिक्षाविद और नीति निर्धारक इस समिट में शामिल होकर भविष्य की तकनीकी दिशा पर विचार-विमर्श कर रहे हैं.
बिहार को मिलेगा तकनीकी और निवेश का फायदा
वित्त विभाग की सचिव (व्यय) रचना पाटिल ने कहा कि बिहार की इस भागीदारी से राज्य में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मंच बिहार को देश के अग्रणी तकनीकी और औद्योगिक संस्थानों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
Also Read: टी20 वर्ल्ड कप जीत के हीरो ईशान किशन को बिहार सरकार का बड़ा सम्मान, मिला 1 करोड़ का पुरस्कार
