Misa Bharti : पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र की राजद सांसद डॉ. मीसा भारती ने रविवार को फुलवारी शरीफ और पुनपुन प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली.
बाढ़ से पहले तैयारी नहीं करने का आरोप
दौरे के दौरान मीसा भारती ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ आने से पहले ही सरकार को पर्याप्त तैयारी करनी चाहिए थी. अब जब लोगों के घर-बार, फसल और अनाज तक पानी में डूब गए हैं, तब क्या किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के सामने गंभीर संकट है और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को बाढ़ की आशंका और संभावित खतरे की जानकारी पहले से थी, इसके बावजूद समय रहते पर्याप्त तैयारी नहीं की गई. कमजोर तटबंधों की सुरक्षा और कटाव रोकने के लिए भी प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए.
भोजन और दवा की किल्लत का लगाया आरोप
सांसद ने कहा कि कई बाढ़ प्रभावित गांवों में बड़ी मात्रा में पानी भर गया है. किसानों की फसल बर्बाद हो रही है और प्रभावित परिवारों के सामने भोजन, दवा समेत अन्य जरूरी सामान का संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जरूरतमंद लोगों तक पर्याप्त राहत सामग्री नहीं पहुंच रही है.
राहत-बचाव तेज करने की मांग
मीसा भारती ने सरकार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की. उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल भोजन, दवा और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाई जाए. साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए जाएं.
जंगली सूअरों के आतंक का भी उठाया मुद्दा
राजद सांसद ने बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्रों में जंगली सूअरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से पहले से परेशान ग्रामीणों के लिए जंगली सूअरों का आतंक एक और बड़ी मुसीबत बन गया है. सरकार को लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए.
बेलदारी चक में फसलें डूबी
बेलदारी चक इलाके में बाढ़ ने किसानों और ग्रामीणों की कमर तोड़ दी है. क्षेत्र के कई पंचायतों के दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी फैल जाने से करीब 2 हजार एकड़ में लगी धान की फसल डूबकर बर्बाद हो गई है. कई गांवों में अब भी लोगों को सरकारी सहायता का इंतजार है.
