पटना सिटी
. बेखौफ बदमाशों ने गुरुवार की शाम नवाब बहादुर रोड जग्गी के चौराहा मोड़ के समीप जमीन विवाद में 56 वर्षीय मो औरंगजेब उर्फ मुनमुन की गोली मार हत्या कर दी. हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गये. घटना खाजेकलां थाना क्षेत्र में घटी है. सूचना मिलते ही मौके पर खाजेकलां थाना पुलिस पहुंची और मामले में जांच पड़ताल शुरू की. घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी द्वितीय डॉ गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि युवक का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी में यह वारदात हुई होगी. पुलिस घटना से जुड़े हर बिंदु पर तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए छानबीन कर रही है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास व भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला है.
खाजेकलां थाना के मोगलपुरा जग्गी के चौराहा मुहल्ला निवासी मुन्ना मियां का 56 वर्षीय पुत्र मो औरंगजेब उर्फ मुनमुन शाम लगभग पांच बजे घर से निकल कर मोड़ पर आया. इसके बाद वह पान खा कर जग्गी के चौराहा पानी टंकी मोड़ पर खड़ा था. इसी बीच दो की संख्या में रहे अपराधी मुनमुन के निकट आये और पिस्टल निकाल कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. मुनमुन के शरीर चार गोलियों के निशान मिले हैं. भीड़भाड़ वाले मुहल्ले में गोली चलने से अफरा-तफरी मच गयी. खून से लथपथ मुनमुन सड़क पर गिरा था. अपराधी हथियार लहराते हुए बाइक से सुदर्शन पथ के रास्ते भाग निकले. खून से लथपथ मुनमुन को उपचार के लिए एनएमसीएच लाया गया. नागरिकों व पुलिस के सहयोग से अस्पताल पहुंचे मुनमुन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना ने बताया कि पुलिस को घटना से खोखा भी मिला है.
स्थानीय लोगों की मानें तो मो औरंगजेब उर्फ मुनमुन पहले ऑटो चलवाता था. बीते तीन वर्षों से जमीन के ब्रोकर के साथ मिलकर जमीन की दलाली का धंधा करने लगा था. पड़ोसियों का कहना है कि मुनमुन दो भाई हैं. डीएसपी की मानें तो जमीन को लेकर रुपये के लेनदेन को ले हुए विवाद में यह घटना हुई होगी.
चार दिनों में दो की हत्या एक जख्मी
चार दिनों के अंदर अपराधियों ने दो लोगों की गोली मार हत्या कर दी है. इस सप्ताह में हत्या की पहली घटना तीन जून सोमवार को हुई. जब आलमगंज थाना क्षेत्र के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रोड में बाइक सवार बदमाशों ने चौक थाना के मंगल तालाब दीरा पर मुहल्ला निवासी 35 वर्षीय सूरज गोप को गोली मार जख्मी कर दिया. जबकि राहुल उर्फ लल्लू की मौत घटना के बाद उपचार के दौरान हो गयी थी. उसकी गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं कि बदमाशों ने जमीन विवाद में मो औरंगजेब उर्फ मुनमुन की खाजेकलां थाना क्षेत्र में गोली मार हत्या कर दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
