मनेर में तिरंगा यात्रा के दौरान हवाई फायरिंग, चार कट्टा-छह कारतूस के साथ 6 युवक गिरफ्तार

पटना जिले के मनेर में स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस और दो बाइक के साथ छह युवकों को गिरफ्तार किया है. हालांकि, गिरफ्तार युवकों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.

Maner Firing On Tiranga Yaatra : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर पंचायत के छितनावा गांव में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा के दौरान हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है. बाइक सवार युवकों द्वारा सड़क पर फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलने के बाद मनेर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से चार देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस और दो बाइक बरामद की हैं.

24 से अधिक बाइक सवार निकाल रहे थे तिरंगा यात्रा

जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को झंडा फहराने के बाद 24 से अधिक बाइक सवार युवक छितनावा-खासपुर सड़क पर तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे. आरोप है कि यात्रा के दौरान कुछ युवकों ने रास्ते में हवाई फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

ग्रामीणों की ओर से घटना की सूचना मनेर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर छह युवकों को पकड़ लिया.

चार देशी कट्टा और छह कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों के पास से चार देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस और दो बाइक बरामद की गई हैं. गिरफ्तार युवक छितनावा, खासपुर और सुअर मरवा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार युवकों में कुछ स्कूली छात्र भी शामिल हैं.

मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को झंडा फहराने के बाद करीब 24 बाइक सवार युवक तिरंगा यात्रा के बहाने रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दौरान फायरिंग किए जाने की शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर छह युवकों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार युवकों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

इधर, गिरफ्तार किए गए छितनावा और खासपुर के तीन युवकों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि वे शेरपुर स्थित इंदर सिंह उच्च विद्यालय के छात्र हैं और अपने घर के पास गली में खड़े थे.

युवकों के मुताबिक, पुलिस बदमाशों का पीछा करते हुए गली में पहुंची और उन्हें पकड़ लिया. गिरफ्तार युवकों ने दावा किया कि उनका तिरंगा यात्रा के दौरान हुई फायरिंग से कोई संबंध नहीं है.

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है. साथ ही फायरिंग में शामिल फरार अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस बरामद हथियारों और कारतूस के संबंध में भी जांच कर रही है.

Also Read : पटना: दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था हर्ष, अगले दिन दूसरे के घर में मिली शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शोएब खान

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >