Patna News : पालीगंज के सिगोड़ी थाना क्षेत्र के ढिबरा गांव में मंगलवार की दोपहर पेड़ पर चढ़कर लकड़ी काटने के दौरान गिरने से 22 वर्षीय युवक चंदन कुमार की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में मातम छा गया. मृतक की पहचान ढिबरा गांव निवासी सतेंद्र बिंद के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है.
गिरने से गंभीर रूप से घायल हुआ
जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार मंगलवार की दोपहर करहरा गांव में लकड़ी काटने के लिए पेड़ पर चढ़ा था. वह पेड़ की टहनी काट रहा था. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे जमीन पर जा गिरा. पेड़ से गिरने के कारण चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया. हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने सिगोड़ी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की खबर मिलते ही मृतक के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे. युवक की मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि चंदन परिवार का सहारा था. उसकी असमय मौत से गांव के लोग भी दुखी हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
