Patna News : पटना जिले के बिहटा प्रखंड से अलग कर नेउरा को नया प्रखंड बनाने की मांग को लेकर रविवार को नेउरा प्रखंड निर्माण संघर्ष मोर्चा के बैनर तले एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया. नेउरा मस्जिद के समीप खेल मैदान में आयोजित धरने की अध्यक्षता संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष सह नेउरा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद ने की. धरने में प्रस्तावित नेउरा प्रखंड की 12 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया.
1992 से उठ रही है प्रखंड बनाने की मांग
जयशंकर प्रसाद ने कहा कि नेउरा को प्रखंड बनाने की मांग वर्ष 1992 से की जा रही है. वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर भी प्रखंड निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था. उस समय नेउरा को प्रखंड बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी मांग पूरी नहीं हुई.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है. लोगों को वर्तमान प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती है. इससे सरकारी कार्यों के लिए आने-जाने में ग्रामीणों को परेशानी होती है. स्थानीय लोगों की सुविधा और क्षेत्र के विकास को देखते हुए 12 पंचायतों को मिलाकर नेउरा को नया प्रखंड बनाने की मांग की जा रही है.
चार प्रखंडों की 12 पंचायतों को शामिल करने की मांग
प्रस्तावित नेउरा प्रखंड में नेउरा, बेला, सराय, हथियाकंद, बलुआ, गोनवा, श्रीचंदपुर, अंजवा, मखदुमपुर, सरारी, रामपुर फरीदपुर और मैनपुरअंदा पंचायतों को शामिल करने की मांग की गई है. वर्तमान में ये पंचायतें बिहटा, नौबतपुर, फुलवारी और मनेर प्रखंडों के अंतर्गत आती हैं.
मांग नहीं मानी तो होगा बड़ा आंदोलन
धरने में शामिल जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि सरकार ने जल्द नेउरा को प्रखंड बनाने की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा. लोगों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी कराने के लिए इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
