Lalu Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली बड़ी हार और हाल में बक्सर-भोजपुर विधान परिषद उपचुनाव में जीत के बाद अब लालू परिवार एक बड़े राजनीतिक आयोजन की तैयारी में जुट गया है. 27 मई को गाजियाबाद में लालू यादव के पोते इराज का पहला जन्मदिन मनाया जाएगा. इस कार्यक्रम को सिर्फ पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि विपक्षी एकजुटता के बड़े मंच के तौर पर भी देखा जा रहा है.
विपक्षी नेताओं को भेजा गया निमंत्रण
जानकारी के मुताबिक इस आयोजन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़े विपक्षी नेताओं को बुलाया गया है. सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी निमंत्रण भेजा जा सकता है. अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा के शामिल होने की भी चर्चा है.
आरजेडी नेताओं को दिल्ली पहुंचने का निर्देश
आरजेडी की तरफ से पार्टी के सभी 25 विधायक, 15 विधान पार्षद, 4 लोकसभा सांसद और 3 राज्यसभा सांसदों को दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, प्रधान महासचिव रणविजय साहू समेत कई वरिष्ठ नेताओं को भी बुलावा भेजा गया है.
भव्य तरीके से होगा आयोजन
तेजस्वी यादव के बेटे इराज का जन्म पिछले साल कोलकाता में हुआ था. अब उनका पहला जन्मदिन बेहद भव्य तरीके से मनाने की तैयारी है. कार्यक्रम का आयोजन लालू यादव की चौथी बेटी रागिनी यादव के घर के पास किया जाएगा. इसमें बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों के विपक्षी दलों के नेता शामिल हो सकते हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
विपक्षी एकता दिखाने की तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लालू यादव इस आयोजन के जरिए विपक्षी दलों को फिर एक मंच पर लाने की कोशिश कर रहे हैं. हाल के दिनों में विपक्ष थोड़ा बिखरा नजर आ रहा था, लेकिन अब विपक्षी एकता को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है. बक्सर-भोजपुर उपचुनाव में जीत के बाद आरजेडी कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर के घर रेड में पुलिस की हुई तलाशी, डिप्टी CM बोले- होगा पूरा हिसाब, पहले हुई थी सैकड़ों राउंड फायरिंग
