बिहार MLC उपचुनाव: आरजेडी ने खेला बड़ा दांव, जानिए लालू-तेजस्वी ने किसे बनाया उम्मीदवार

Bihar MLC By-Election: भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव के लिए आरजेडी ने सोनू राय को उम्मीदवार बनाया है. उनके मैदान में उतरने से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प और त्रिकोणीय होने के संकेत मिल रहे हैं.

Bihar MLC By-Election: बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस सीट के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने एक्टिव नेता सोनू राय पर भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है.

आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट से सोनू कुमार राय को पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है. यह सीट जदयू के राधाचरण साह के विधायक बनने के बाद खाली हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है.

कौन हैं सोनू राय?

सोनू राय भोजपुर जिले के आरा के मीरगंज के निवासी हैं और लंबे समय से आरजेडी से जुड़े हुए हैं. उनके पिता लालदास राय भी पार्टी से एमएलसी रह चुके हैं और लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते थे. सोनू राय को 2022 में आरजेडी का उपाध्यक्ष बनाया गया था और वे संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

पहले भी जता चुके हैं चुनाव लड़ने की इच्छा

बताया जाता है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी सोनू राय टिकट के दावेदार थे. वे बड़हरा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उस समय पार्टी ने उन्हें मौका नहीं दिया था. अब उन्हें एमएलसी उपचुनाव में मौका मिला है.

लालू ने किया था राइस मिल का उद्घाटन

सोनू राय ने भोजपुर जिले के चरपोखरी प्रखंड के सेमरांव गांव में एक राइस मिल स्थापित की है. करीब एक साल पहले खुद लालू प्रसाद यादव इस मिल का उद्घाटन करने पहुंचे थे, जो उनके पारिवारिक और राजनीतिक संबंधों को दर्शाता है.

उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम

निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट पर 16 अप्रैल को अधिसूचना जारी होगी. नामांकन की आखिरी तारीख 23 अप्रैल रखी गई है. 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 27 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. मतदान 12 मई को होगा, जबकि 14 मई को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे.

त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत

इस उपचुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है. एनडीए की ओर से अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जदयू से किसी प्रत्याशी के उतरने की चर्चा है. वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है. ऐसे में इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है.

Also Read: नीतीश के सामने दिल्ली में बवाल, भाजपा CM के विरोध में जदयू का हंगामा, संजय-ललन के नाम की उठी मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >