खान सर कहां हैं? पुलिस की तारीफ की, जांच में सहयोग का वादा भी किया, फिर FIR के बाद से कहां गायब हैं फैसल खान

Khan Sir Controversy: पटना के खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट में हुए विवाद के बाद खान सर की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. फायरिंग और मारपीट मामले में नामजद होने के बावजूद वे अब तक पुलिस के सामने नहीं आए हैं. वहीं उनके वकील ने साफ कर दिया है कि खान सर सरेंडर नहीं करेंगे.

Khan Sir Controversy: पटना के खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट में 2 जून को विवाद हुआ. उसके बाद से खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. कोचिंग सेंटर में बवाल, फायरिंग और मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर खान सर कहां हैं? मामले में गैर-जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज है, लेकिन खान सर अब तक पुलिस के सामने नहीं आए हैं. इसी वजह से उनके अंडरग्राउंड होने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.

कोर्ट में नहीं पहुंचे खान सर

शनिवार को यह चर्चा थी कि खान सर पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं. पुलिस और मीडिया की नजर भी कोर्ट पर टिकी थी. लेकिन दिनभर इंतजार के बाद भी खान सर वहां नहीं पहुंचे. इतना ही नहीं, उनकी ओर से अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल नहीं की गई. इससे अटकलों का बाजार और गर्म हो गया.

वकील ने क्या बताया?

खान सर के वकील अरविंद कुमार मऊआर ने साफ कहा है कि उनके मुवक्किल सरेंडर नहीं करेंगे. उन्होंने बताया कि सोमवार को कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की जाएगी. वकील ने कहा कि खान सर के सरेंडर की खबरें पूरी तरह गलत हैं. वे शनिवार को कोर्ट पहुंचे ही नहीं थे.

खान सर पर कोई धारा नहीं बनती- अरविंद कुमार मऊआर

वकील अरविंद कुमार मऊआर ने दावा किया कि खान सर की इस मामले में कोई भूमिका नहीं है. उन्होंने कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं, वे सुरक्षा गार्डों से जुड़े हैं. उनके मुताबिक हवाई फायरिंग के मामले में आर्म्स एक्ट की जो धारा लगती है, वह जमानती है. इसलिए पूरे मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है.

वायरल वीडियो पर दर्ज हुई FIR

वकील ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है. खान सर का नाम बाद में जोड़ा गया है. उन्होंने यह भी कहा कि बॉडीगार्ड्स ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया कि खान सर के कहने पर फायरिंग हुई थी. जो बातें सामने आ रही हैं, वे केवल डिस्क्लोजर स्टेटमेंट का हिस्सा हैं.

पुलिस को सहयोग करने की कही थी बात

दिलचस्प बात यह है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद खुद खान सर ने कहा था कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे. उन्होंने यह भी कहा था कि यदि उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज हुआ है तो वे कानून का पालन करेंगे. लेकिन अब तक उनका सामने नहीं आना कई सवाल खड़े कर रहा है.

कुछ दिन पहले पुलिस की तारीफ कर रहे थे खान सर

3 जून को खान सर ने पटना पुलिस और बिहार सरकार की कार्रवाई की खुलकर सराहना की थी. उन्होंने कहा था कि कोचिंग सेंटर पर हमले के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार किया. हालांकि बाद में उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस आने में देर की इसलिए गार्ड ने फायरिंग की.

2 जून को क्या हुआ था?

2 जून को मुसल्लहपुर स्थित खान कोचिंग सेंटर में जमकर हंगामा हुआ था. पथराव, मारपीट और फायरिंग के आरोप लगे थे. इस मामले में कदमकुआं थाना पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. पहली एफआईआर में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं दूसरी एफआईआर सोशल मीडिया पर वायरल फायरिंग वीडियो के बाद दर्ज की गई थी.

गार्ड गिरफ्तार, हथियार भी जब्त

फायरिंग मामले में खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार किए जा चुके हैं. दोनों को जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने उनके पास मौजूद दोनों राइफल भी जब्त कर ली हैं.

खान सर पर क्या है आरोप?

पुलिस के अनुसार दोनों गार्डों ने खान सर के कहने पर फायरिंग की थी. इसी आरोप के आधार पर खान सर को भी मामले में नामजद किया गया है. अब सबकी नजर सोमवार पर टिकी है. देखना होगा कि खान सर अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल करते हैं या फिर इस मामले में कोई नया मोड़ सामने आता है.

Also Read: ‘खान सर सरेंडर नहीं करेंगे…’, वकील ने बताया आगे का पूरा प्लान, गिरफ्तार हुए तो नहीं मिलेगी जमानत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >