Nitish Kumar Give Training to JDU New MLAs-MLCs : जेडीयू ने नए और युवा जनप्रतिनिधियों को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया. इसमें पहली बार चुने गए शिक्षित युवा विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए. पार्टी की ओर से कहा गया कि ये जनप्रतिनिधि आने वाले वर्षों में बिहार की सेवा करेंगे, इसलिए उन्हें सदन की कार्यप्रणाली और कानून बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है.
बजट और सदन की कार्यवाही की दी जानकारी
प्रशिक्षण के लिए दिल्ली की संस्था पीआरएस लेजिसलेटिव को आमंत्रित किया गया. करीब 3 से 4 घंटे के इस सत्र में बिहार का बजट, राज्य की अर्थव्यवस्था और अलग-अलग मदों में राशि के आवंटन की जानकारी दी गयी. इसके साथ ही शून्य काल में मुद्दे उठाने, सवाल तैयार करने और जवाब मिलने के बाद पूरक प्रश्न पूछने की प्रक्रिया भी समझाई गयी. प्रशिक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों के सवालों के जवाब भी दिए गए.
क्षेत्र की समस्याएं सदन में उठाने पर जोर
पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नीतीश कुमार ने किया. प्रशिक्षण में जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार फॉलो-अप करने की जानकारी दी गयी. साथ ही जनता के मुद्दों को सामने लाने और उनके त्वरित समाधान के लिए सोशल मीडिया और तकनीक के सकारात्मक इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया.