फुलवारी शरीफ (पटना). आगामी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं. पूर्व मंत्री सह फुलवारी शरीफ के जदयू विधायक श्याम रजक के पटना स्थित 28 क्रांति मार्ग (हार्डिंग रोड) सरकारी आवास पर रविवार को एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में भव्य संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ. कार्यक्रम में फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों, एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की. बैठक में नीरज कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया गया, हालांकि मंच पर कुछ कार्यकर्ताओं का दर्द और नाराजगी भी खुलकर सामने आई.
संवाद कार्यक्रम में छलका कार्यकर्ताओं का दर्द
संवाद कार्यक्रम के दौरान जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने अपनी शिकायतें बेबाकी से रखीं. कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि संगठन को अपनी मेहनत से सींचने वाले कार्यकर्ताओं को अपने शीर्ष नेताओं से संवाद और मान-सम्मान की उम्मीद रहती है. कुछ कार्यकर्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे किसी कार्य को लेकर नीरज कुमार से मिलने जाते हैं, तो कई बार उन्हें पहचानने तक से इनकार कर दिया जाता है. उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि फुलवारी शरीफ, मसौढ़ी, पुनपुन और नौबतपुर जैसे इलाकों में नीरज कुमार का कार्यकर्ताओं से जीवंत संपर्क नहीं रहा है और वे क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से मिलने तक नहीं पहुंचते हैं.
संगठन और अनुशासन के दम पर लड़ेंगे चुनाव
कार्यकर्ताओं की तीखी शिकायतों और नाराजगी पर शालीनता से जवाब देते हुए जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने कहा कि एनडीए नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए पटना स्नातक क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है. उन्होंने कहा कि जदयू अपने समर्पण, संगठन की मजबूती और कड़े अनुशासन के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी. नीरज कुमार ने पुरानी बातों को भूलकर सभी कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत झोंकने और स्नातक मतदाताओं से घर-घर जाकर सीधा संपर्क साधने का आह्वान किया.
विरोध से नहीं पड़ता फर्क, एनडीए का फैसला सर्वोपरि
जदयू के वरिष्ठ नेता सह विधायक श्याम रजक ने कार्यकर्ताओं को एकजुट करते हुए कहा कि जदयू एक मजबूत व अनुशासित राजनीतिक परिवार है. पार्टी पर किसी तरह के बाहरी विरोध का कोई असर नहीं पड़ने वाला है. पूर्व विधायक अनंत सिंह द्वारा नीरज कुमार के विरोध किए जाने के सवाल पर श्याम रजक ने सख्त लहजे में कहा कि "कौन क्या कह रहा है, पार्टी को इससे कोई लेना-देना नहीं है. एनडीए गठबंधन ने नीरज कुमार को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है और हमारे लिए पार्टी का फैसला ही सर्वोपरि है." वहीं फुलवारी शरीफ नगर परिषद अध्यक्ष मो. आफताब आलम ने भी कहा कि अनंत सिंह के विरोध का चुनाव पर रत्ती भर भी प्रभाव नहीं पड़ेगा.
नीतीश सरकार के विकास कार्यों को भुनाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों और सुशासन का विस्तार से उल्लेख किया. साथ ही युवा नेतृत्व के रूप में विकास योजनाओं को गति देने की सराहना की गई. इस संवाद कार्यक्रम में विधान पार्षद रविंद्र प्रसाद सिंह, पटना जदयू छात्र अध्यक्ष नीतीश पटेल, पटना जदयू महानगर अध्यक्ष अभय कुशवाहा, फुलवारी जदयू प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, अधिवक्ता प्रिय रंजन कुमार, सन्नी कुमार, राजू रजक, टुनटुन यादव, निर्भय कुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह, कर्मवीर आजाद और एसके सुमन समेत बड़ी संख्या में एनडीए गठबंधन के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे.
