पटना से अजय कुमार की रिपोर्ट Patna News : पटना जिला के मसौढ़ी धनरूआ थाना क्षेत्र से दो माह की मासूम बच्ची को बेचने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है. धनरूआ पुलिस ने आरपीएफ के सहयोग से जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर बच्ची के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिलाओं की पहचान छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निवासी मिता भौमिक और पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना निवासी सुनीता भट्टाचार्य के रूप में हुई है.
पूछताछ में खुला नवजातों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे पहले पटना के एक आईवीएफ (टेस्ट ट्यूब बेबी) अस्पताल से जुड़ी थीं. इसी दौरान उनकी पहचान नवजात बच्चों की अवैध खरीद-बिक्री करने वाले नेटवर्क से हुई. पूछताछ में यह भी सामने आया कि दो माह की बच्ची को सहयोगियों की मदद से बेंगलुरु में बेच दिया गया था.
पुलिस के दबाव में बच्ची को लेकर लौट रही थीं आरोपी
मामले में पहले गिरफ्तार एक सहयोगी से मिले सुराग के आधार पर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी. गिरफ्तारी की आशंका बढ़ने पर दोनों महिलाएं बेंगलुरु से बच्ची को लेकर पटना लौट रही थीं. इसी दौरान धनरूआ पुलिस ने आरपीएफ के सहयोग से जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर दोनों को बच्ची सहित गिरफ्तार कर लिया.
नौकरी का झांसा देकर मां से अलग की गई थी मासूम
धनरूआ थाना क्षेत्र के पभेड़ा गांव निवासी पूजा कुमारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार 23 जून को गांव की एक महिला नौकरी दिलाने के बहाने उसे पटना ले गई और राजस्थान के कोटा में काम दिलाने का झांसा दिया. इसी दौरान उसकी दो माह की बेटी साधना कुमारी को रिश्तेदार के पास रखने का बहाना बनाकर उससे अलग कर दिया गया. बाद में आरोपितों ने बताया कि बच्ची को बेच दिया गया है और अब उसे वापस नहीं लाया जा सकता.
विशेष टीम ने सुलझाया मामला, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनरूआ थाना पुलिस ने अवर निरीक्षक नीतू कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की. तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही इस नेटवर्क के अन्य राज्यों और संस्थानों से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है.
