पटना. शिक्षा मंत्री मंत्री सुनील कुमार ने सरकारी स्कूलों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान के निर्देश दिये. साथ ही लंबित वेतन भुगतान के लिए भी कहा. उन्होंने ये दिशा निर्देश शिक्षा विभाग के सचिवालय स्थित मदन मोहन झा स्मृति सभागार में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में दिये. तीन घंटे चली इस मैराथन बैठक में उन्होंने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक की योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. जरूरी दिशा निर्देश दिये. इस दौरान मंत्री ने अगले चार महीनों की कार्य योजना पर काम करने के लिए कहा. विश्वविद्यालय के संबंधित पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर ऑडिट रिपोर्ट में उठायी गयी आपत्तियों के समाधान और जरूरी पड़ने पर कार्यवाही करने के लिए भी कहा. शिक्षा मंत्री ने विभिन्न लाभुक योजनाओं के लाभार्थी विद्यार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी के जरिये प्रोत्साहन राशि भेजने के लिए कहा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पोशाक, साइकिल, छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं के तहत मिलने वाले पैसे की मॉनिटरिंग करने के लिए भी कहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
