Bihar News: विधायक जी ने पत्नी का बर्थडे मनाने के लिए तोड़ा लॉकडाउन, जमुई से पटना बिना पास ही किया सफर

Bihar News, Coronavirus in bihar: विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी लॉकडाउन से जूझ रहे लोगों की मदद करने के लिए बीते दिनों बढ़-चढ़कर सामने आए थे और जिले में लोगों की वाहवाही का पात्र भी बन रहे थे, फिर उन्होंने कुछ ऐसा किया कि लोग सवाल उठाने लगे हैं.

जमुई / पटना : एक बहुत पुरानी कहावत है कि जब सैंया हो कोतवाल तो डर काहे का. पर जब हम खुद ही कोतवाल हैं तो वह डर और भी खत्म हो जाता है और अगर जनता ने पावर दिया तथा हम सत्ताधीश हो गए तो फिर कोतवाली और नियम कायदे का दायरा तो टूटना लाजमी ही है. उस पर भी अगर पत्नी का जन्मदिन हो तब तो जाना बनता ही है. दरअसल उपरोक्त लिखी गई सभी पंक्तियों को चरितार्थ किया है जमुई जिले के सिकंदरा विधानसभा से कांग्रेस विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी ने. विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी लॉकडाउन से जूझ रहे लोगों की मदद करने के लिए बीते दिनों बढ़-चढ़कर सामने आए थे और जिले में लोगों की वाहवाही का पात्र भी बन रहे थे, फिर उन्होंने कुछ ऐसा किया कि लोग सवाल उठाने लगे हैं.

दरअसल विधायक श्री चौधरी ने लॉकडाउन के दौरान जमुई से पटना चले गए. गौरतलब है कि पूरे देश भर में कोविड-19 को लेकर लॉक डाउन है, जिसमें एक जिले से दूसरे जिले जाने को लेकर अंतर जिला पास की आवश्यकता होती है. पास निर्गत करने के लिए प्रशासन के द्वारा उस जिले में जाने का कारण पूछा जाता है और संतुष्ट होने के बाद ही पास निर्गत किया जाता है. यह सब केवल आम लोगों के लिए ही प्रभावी है. विधायक जी तो जनता का वोट लेकर कुर्सी पर बैठे हैं, अब भला उनको प्रशासन के पास जाने की याद पास लेने की क्या जरूरत पड़ गई. बीते चार दिन पहले तक सिकंदरा विधानसभा में घूम-घूम कर लोगों के बीच राशन बांट रहे विधायक जी मीडिया की नजरों में थे.

लगातार उनकी तस्वीरें छप रही थी, खबरें आ रही थी, फिर अचानक एक खबर आई कि विधायक बंटी चौधरी अपनी पत्नी का जन्मदिन पटना में मना रहे हैं और वहां लोगों के बीच राशन बांट रहे हैं. जब यह तस्वीर सामने आई तो यह सवाल भी खुद-ब-खुद उठकर सामने आ गया कि आखिर विधायक जी ने जमुई से पटना तक का सफर पूरा कैसे किया. जब इसकी पड़ताल की गई तो जिला प्रशासन के द्वारा यह साफ कहा गया कि हमने तो विधायक जी को पास निर्गत ही नहीं किया. ऐसे में बिना पास के विधायक जी जमुई से पटना कैसे चले गए. अब यह बता दें कि विधायक जी को पटना जाने के लिए नवादा, शेखपुरा, नालंदा जैसे कोरोना से संक्रमित जिलों से होकर गुजरना पड़ा होगा.

वहीं पटना में वह स्वयं निवास कर रहे हैं. दूसरा सवाल यह है कि जब विधायक जी जमुई से पटना की यात्रा कर रहे थे तो उन्हें इन जिलों की सीमा पर तैनात पुलिसकर्मियों के द्वारा रोका क्यों नहीं गया और अगर रोका गया तो विधायक जी पटना पहुंचे कैसे. याद तो होगा ही कि कुछ दिन पहले बिहार के नवादा के हिसुआ के विधायक जी अपनी बेटी को लाने कोटा चले गए थे, खूब बवाल हुआ था. उसके बाद एक और सांसद महोदय की बात सामने आई थी, उनसे भी अपनी बेटी की पीड़ा नहीं देखी गई थी.

पास लिया और निकल लिए थे. ऐसे में सिकंदरा के विधायक जी पटना तक पहुंच जाना भी सवाल बन गया है. अब देखना यह है कि इस मामले में प्रशासन के द्वारा किस तरह की कार्रवाई की जाती है. हालांकि इस बाबत पूछे जाने पर विधायक श्री चौधरी ने कि कहा कि बीते 20 अप्रैल के बाद से विधानसभा खुल गया है इसके अलावे उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया. कोट:-विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी को हमारे द्वारा पास निर्गत नहीं किया गया है, वह पटना कैसे पहुंचे हैं यह वही बता सकते हैं. धर्मेंद्र कुमार, डीएम, जमुई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

Published by: Prabhat Khabar

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >