आज पूरे बिहार में भयंकर आंधी-बारिश का रेड अलर्ट, तेज हवा के साथ ओले गिरने की संभावना

Bihar Rain Alert: आज पूरे बिहार में भयंकर आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान तेज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे खराब मौसम में लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है.

Bihar Rain Alert: बिहार में इन दिनों आंधी बारिश का दौर जारी है. लगभग सभी जिलों में प्री मॉनसून जैसी स्थिति देखने के लिए मिल रही है. सुबह के वक्त अच्छी धूप खिल जा रही. लेकिन दोपहर और शाम होते-होते अचानक मौसम करवट ले रहा और आंधी के साथ बारिश हो जा रही है. कई जगहों पर ओले भी गिर रहे. आज भी लगभग सभी जिलों में बादल छाने, बारिश होने, बिजली गिरने, ओले गिरने और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से आज पूरे बिहार में रेड अलर्ट जारी किया गया है. पटना, अरवल, बेगूसराय, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, शेखपुरा, सिवान, जहानाबाद, नालंदा, लखीसराय और सारण में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ बादल गरजने और बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग की माने तो, गया, नवादा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, रोहतास, औरंगाबाद और भभुआ में बादल गरजने, तेज बारिश और ठनका की चेतावनी है. इसके साथ ही दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली में एक-दो जगहों पर तेज हवाएं और बारिश की संभावना है.

अगले 48 घंटे कैसा रहेगा तापमान?

मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि अगले 48 घंटों के दौरान राज्य में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी. इसके बाद फिर से दिन और रात के तापमान में गिरावट होने का पूर्वानुमान है.

क्यों हो रहा मौसम में बदलाव?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मई में पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के एक साथ प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और बांग्लादेश तक बनी कम दबाव की रेखाओं के साथ समुद्र तल से ऊपर एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने मौसमी असंतुलन की स्थिति पैदा कर दी है.

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी आने के कारण कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं. बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. इस कारण तेज हवाएं चल रही हैं.

Also Read: चाकन्द में बड़ी कार्रवाई: कंटेनर से 16 लाख के चोरी के बिजली उपकरण बरामद, दो गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >