पटना समेत देशभर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, बस एक चिट्ठी लिखकर जीतें 50 हजार

डाक विभाग ने 'ढाई आखर' पत्र लेखन प्रतियोगिता 2026 की घोषणा की है। यह प्रतियोगिता युवाओं में लेखन कला को बढ़ावा देने और प्रकृति संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सोचने के लिए प्रेरित करेगी।

Patna Letter Writing Competition 2026 : डिजिटल दौर में जहां मोबाइल और सोशल मीडिया ने चिट्ठियों की जगह ले ली है, वहीं अब डाक विभाग एक बार फिर हस्तलिखित पत्रों की परंपरा को जीवित करने की पहल में जुट गया है. युवाओं में लेखन की आदत, रचनात्मकता और अपनी बात को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर ''ढाई आखर'' पत्र-लेखन प्रतियोगिता 2026 की शुरुआत की गई है.

यह प्रतियोगिता देशभर में आयोजित की जा रही है और इसमें हर आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है. इस बार प्रतियोगिता की थीम “एक चिट्ठी धरती मां के नाम : प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा” रखी गई है, जो पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर लोगों को सोचने और लिखने के लिए प्रेरित करती है.

हर नागरिक को भाग लेने का मौका

डाक विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत का कोई भी नागरिक हिस्सा ले सकता है. खास बात यह है कि इसमें भाग लेने के लिए पत्र का हस्तलिखित होना अनिवार्य है. टाइप किए गए पत्रों को मान्य नहीं माना जाएगा.

प्रतियोगिता में प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी या किसी भी स्थानीय भाषा में अपना पत्र लिख सकते हैं. इससे देश के अलग-अलग हिस्सों के लोग अपनी मातृभाषा में अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकेंगे.

दो आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में बांटा गया है. पहला वर्ग 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए है, जबकि दूसरा वर्ग 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए रखा गया है.

दोनों आयु वर्गों में प्रतिभागियों के लिए दो श्रेणियां तय की गई हैं. इसमें अंतर्देशीय पत्र और लिफाफा श्रेणी शामिल हैं. अंतर्देशीय पत्र श्रेणी में प्रतिभागी अधिकतम 500 शब्द तक लिख सकते हैं, जबकि लिफाफा श्रेणी में 1000 शब्दों तक की सीमा तय की गई है.

चयन प्रक्रिया दो चरणों में

प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया दो स्तरों पर होगी. पहले सर्किल स्तर पर प्रतिभागियों के पत्रों का मूल्यांकन किया जाएगा. इसके बाद प्रत्येक सर्किल से चारों श्रेणियों में तीन-तीन श्रेष्ठ प्रविष्टियों को राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाएगा.

राष्ट्रीय स्तर पर इन प्रविष्टियों का अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा, जहां से विजेताओं का चयन होगा.

आकर्षक पुरस्कार का प्रावधान

प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं. सर्किल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 25 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये दिए जाएंगे.

वहीं राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है. इस पहल से न सिर्फ लेखन प्रतिभा को मंच मिलेगा, बल्कि लोगों में पत्र लेखन की पुरानी परंपरा भी फिर से जीवित हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Subodh kumar nandan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >