Ardhanarishwar Temple Flood : पटना जिले के चंडासी इलाके में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. पुनपुन और दरधा नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के बीच अब प्रसिद्ध अर्धनारीश्वर मंदिर परिसर भी बाढ़ के पानी से घिर गया है. पानी तेजी से मंदिर की ओर बढ़ने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं.
मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध
मंदिर के चारों तरफ पानी फैल जाने से आसपास का इलाका पूरी तरह जलमग्न नजर आ रहा है. मंदिर परिसर में बने सैकड़ों हवन कुंड भी पानी में डूब चुके हैं. पानी धीरे-धीरे मंदिर के मुख्य हिस्से की ओर बढ़ रहा है. मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को फिलहाल अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
बाढ़ में कई सड़कें क्षतिग्रस्त
चंडासी क्षेत्र में बाढ़ का असर पहले सड़कों पर दिखाई दिया. पानी का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके बाद आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ. लगातार बढ़ते पानी ने अब मंदिर परिसर को भी अपनी चपेट में ले लिया है.
108 फीट विशाल अर्धनारीश्वर प्रतिमा
अर्धनारीश्वर मंदिर की पहचान यहां स्थापित 108 फीट ऊंची विशाल अर्धनारीश्वर प्रतिमा से है. इसे दुनिया की सबसे बड़ी अर्धनारीश्वर प्रतिमाओं में शामिल बताया जाता है. बाढ़ का पानी मंदिर के आसपास फैलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
जलमग्न क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील
इलाके में पानी जमा होने के बीच हवन कुंड के आसपास बच्चों के स्नान करने का दृश्य भी सामने आया है. प्रशासन और स्थानीय स्तर पर लोगों से बाढ़ के पानी में जाने से बचने तथा अनावश्यक रूप से जलमग्न क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की जा रही है.
जलस्तर बढ़ा तो बढ़ेगी परेशानी
पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो चंडासी तथा आसपास के गांवों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है. स्थानीय लोगों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव की व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है.
