Patna News : मनेर में रविवार को किता चौहत्तर पूर्वी पंचायत के छिहत्तर गांव में बाढ़ के पानी से चारों ओर से घिरे एक पक्के मकान के अचानक भरभरा कर ढह जाने से अफरा-तफरी मच गयी. मकान गिरने के दौरान उसमें रह रहे महेंद्र राय, परोजन राय, निर्मल राय समेत करीब आधा दर्जन लोग मलबे में दब गये.
मकान ढहने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला. घटना में कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आयी है, जिनका स्थानीय चिकित्सक से उपचार कराया गया. सभी की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
बाढ़ के पानी से घिरा है पूरा दियारा
बताया जाता है कि मनेर का दियारा इलाका इन दिनों पूरी तरह बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है. लगातार बढ़ रहे पानी के बीच कई घरों पर खतरा मंडरा रहा है. इसी दौरान छिहत्तर गांव में बाढ़ के पानी से घिरे पक्के मकान के अचानक गिरने से वहां रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गयी.
स्थानीय पैक्स अध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने के कारण मकान कमजोर हो गया था. इसी वजह से तीनों परिवारों का पक्का मकान अचानक भरभरा कर गिर गया. आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला.
सीओ ने कहा, हताहत की सूचना नहीं
वहीं, अंचल अधिकारी पूजा कुमारी ने बताया कि मकान गिरने की सूचना मिली है. हालांकि किसी के दबने या हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी ली जा रही है.
इधर, दुधैला में अधेड़ डूबकर लापता
वही दुधैला गांव निवासी बालेश्वर राय के 54 वर्षीय पुत्र मंटू कुमार बाढ़ के पानी मे डूबकर लापता हो गया. बताया गया कि वो नजदीक के दूसरे गांव हाथी टोला स्थित दुकान से राशन लाने जा रहा था. इसी दौरान गांव के बाहर मुंजी टोला पूल के समीप पैर के फिसलने से गहरे पानी में चला गया. उक्त व्यक्ति नदी की तेज धार में डूबकर लापता हो गया.
