केंद्रीय वित्त मंत्री का डीपफेक वीडियो दिखाकर निवेश के नाम पर 15 लाख ठगे, पटना के कारोबारी को बनाया शिकार

पटना में केंद्रीय वित्त मंत्री के डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल कर एक व्यक्ति से 15 लाख रुपये की ठगी हुई। साइबर थाना में मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।

Cyber ​​fraud in Patna : पटना में साइबर अपराधियों ने अब केंद्रीय वित्त मंत्री के डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल कर लोगों को निवेश के जाल में फंसाना शुरू कर दिया है. पटना निवासी आनंद किशोर सिंह भी साइबर ठगों के इसी जाल में फंस गए और करीब 14 से 15 लाख रुपये गंवा बैठे. ठगी के बाद पीड़ित ने पटना साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

गूगल पर दिखा वित्त मंत्री का फर्जी वीडियो

शिकायत के मुताबिक, पीड़ित गूगल पर ब्राउजिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री का कथित वीडियो था. वीडियो में देश के लोगों के लिए एक निवेश योजना का प्रचार किया जा रहा था. वीडियो को वास्तविक समझकर पीड़ित ने विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक कर दिया. लिंक के जरिये वह एक वेबसाइट पर पहुंचे, जहां निवेश पर आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर रकम जमा करने के लिए कहा गया.

विदेशी और भारतीय नंबरों से ठगों ने किया संपर्क

वेबसाइट पर जानकारी दर्ज करने के बाद विदेशी और भारतीय मोबाइल नंबरों से कई लोगों ने पीड़ित से संपर्क किया. खुद को निवेश सलाहकार बताने वाले आरोपियों ने उन्हें लगातार निवेश करने के लिए राजी किया. इसके बाद पीड़ित ने क्रेडिट कार्ड और एक्सिस बैंक खाते से रकम ट्रांसफर की. आरोप है कि अलग-अलग लेनदेन के जरिये साइबर अपराधियों ने करीब 14 से 15 लाख रुपये हड़प लिये.

रकम निकालने के नाम पर फिर मांगे पैसे

ठगी का एहसास तब हुआ जब पीड़ित ने निवेश की गयी रकम निकालने की कोशिश की. आरोपियों ने पहले निकासी की प्रक्रिया शुरू होने का भरोसा दिलाया. कुछ दिनों बाद प्रोसेसिंग और रकम रिलीज कराने के नाम पर अतिरिक्त भुगतान की मांग की गयी. पीड़ित ने ई-मेल के माध्यम से भी संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्हें समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं.

डिजिटल ट्रेल खंगालेगी साइबर पुलिस

पीड़ित ने पुलिस को आरोपियों के इस्तेमाल किए गए कई मोबाइल नंबर उपलब्ध कराये हैं. अब साइबर थाना की टीम वेबसाइट, मोबाइल नंबर, बैंक खातों में हुए लेनदेन और अन्य डिजिटल ट्रेल की जांच करेगी. पुलिस का प्रयास है कि ठगी में शामिल आरोपियों तक पहुंचकर रकम को फ्रीज या रिकवर कराया जा सके. शिकायत में डीपफेक वीडियो के जरिये केंद्रीय वित्त मंत्री की छवि के कथित दुरुपयोग की भी जांच कराने की मांग की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >