पटना में महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट, शराब मामले में गिरफ्तार युवकों के परिजनों पर FIR, चार गिरफ्तार

मसौढ़ी में शराब पी रहे दो युवकों को गिरफ्तार करने पहुंची महिला पुलिसकर्मियों पर उनके परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया. मारपीट में महिला सिपाहियों को गंभीर चोटें आईं. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

मसौढ़ी. थाना परिसर में शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार दो युवकों को हाजत में बंद करने के दौरान उनके परिजनों द्वारा महिला पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला सिपाहियों के साथ मारपीट की गई, उन्हें दांत काटकर घायल किया गया और वर्दी फाड़ दी गई.

सरकारी रायफल छीनने का भी लगाया गया आरोप

मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी रायफल छीनने का प्रयास किया. घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

शराब पीने के आरोप में दो युवकों को किया गया था गिरफ्तार

मसौढ़ी थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक ललन कुमार ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी के अनुसार, शुक्रवार रात महिला सिपाही कमला कुमारी और मधु कुमारी के साथ ललन कुमार बाजार गश्ती पर थे.

इसी दौरान भगवानगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी रवि रंजन कुमार यादव और मसौढ़ी थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी अरविंद कुमार को शराब पीने के संदेह में हिरासत में लिया गया. उत्पाद विभाग में मेडिकल जांच के बाद शराब सेवन की पुष्टि होने पर दोनों को थाना लाया गया.

गिरफ्तारी का वीडियो बनाने पहुंचे थे परिजन

पुलिस के अनुसार, जब दोनों युवकों को हाजत में बंद किया जा रहा था, तभी अरविंद कुमार के परिजन रोहित कुमार, सोनी कुमारी, राहुल कुमार और पूनम देवी थाना पहुंच गए. आरोप है कि वे गिरफ्तारी की वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे.

महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मना करने पर आरोपितों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

महिला सिपाहियों को दांत काटकर किया घायल

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सोनी कुमारी और पूनम देवी ने महिला सिपाही कमला कुमारी और मधु कुमारी के हाथ में दांत काटकर उन्हें घायल कर दिया. वहीं उनकी वर्दी का कॉलर पकड़कर लात-घूंसों से हमला करने की बात भी कही गई है.

इसके अलावा रोहित कुमार और राहुल कुमार पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और सरकारी रायफल छीनने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है.

चारों आरोपित गिरफ्तार, जांच जारी

हमले में घायल दोनों महिला सिपाहियों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay kumar masaurhi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >