ESIC मेडिकल कॉलेज बिहटा में स्वास्थ्य जांच शिविर, 76 बीमित श्रमिकों की हुई जांच; मेडिसिन वार्ड में जुड़े 40 नए बेड

ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा ने बीमित श्रमिकों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया. इस शिविर में 76 पात्र श्रमिकों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और मेडिसिन वार्ड में 40 नए बेड जोड़े गए.

ESIC Patna Health Check-up Camp: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा में गुरुवार को बीमित श्रमिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया. शिविर में 76 पात्र बीमित श्रमिकों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श, दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए.

40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए वार्षिक जांच

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि नई श्रम संहिताओं के तहत 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी बीमित श्रमिकों के लिए हर वर्ष नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है. इसी उद्देश्य से आयोजित शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ रक्तचाप, मधुमेह, ईसीजी, एक्स-रे सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं. चिकित्सकों ने समय पर जांच और निवारक उपचार को गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताया.

"इलाज से बेहतर रोकथाम" पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं बीमा आयुक्त (पूर्व एवं उत्तर-पूर्व अंचल) प्रणय सिन्हा ने कहा कि "इलाज से बेहतर रोकथाम है" की अवधारणा को अपनाते हुए ईएसआईसी बीमित श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता दे रहा है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ कार्यबल ही देश की उत्पादकता और आर्थिक विकास की मजबूत नींव है.

देश के अग्रणी मेडिकल संस्थानों में शामिल करने का लक्ष्य

ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा के डीन डॉ. नंदकिशोर अल्वा एन. ने संस्थान को देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों की श्रेणी में शामिल करने की अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत की. उन्होंने कहा कि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. डीन की इस योजना की मुख्य अतिथि प्रणय सिन्हा और क्षेत्रीय निदेशक (बिहार) निरंजन कुमार ने सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

मेडिसिन वार्ड में 40 नए बेड जोड़े गए

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए मेडिसिन वार्ड का विस्तार किया. वार्ड में बेड की संख्या 60 से बढ़ाकर 100 कर दी गई. इससे बीमित मरीजों को भर्ती, उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में अधिक सुविधा मिलेगी तथा अस्पताल की उपचार क्षमता भी बढ़ेगी.

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह

शिविर में शामिल सभी 76 बीमित व्यक्तियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने नि:शुल्क परामर्श, आवश्यक दवाइयां और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी. कार्यक्रम में क्षेत्रीय निदेशक (बिहार) निरंजन कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भास्कर कुमार, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय कुमार केसरी सहित अस्पताल के कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे. सभी ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन कर बीमित श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई.

Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Monu Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >