EOU Raid in Bihar: बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई 20 अगस्त को सुबह से देर शाम तक चली. जांच टीम ने पटना के खाजपुरा स्थित मकान, बेगूसराय के पैतृक घर और पटना के मीठापुर स्थित सरकारी कार्यालय में तलाशी ली.
पुलिस ने बताया कि अजय कुमार सिंह के खिलाफ दर्ज मामले में 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की संपत्ति आय से अधिक होने का पहला सबूत मिला है. यह रकम उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 प्रतिशत ज्यादा बताई गई है.
बेगूसराय के घर से मिला 15.50 लाख नकद
जांच टीम ने बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित पैतृक घर की तलाशी ली. यहां से 15 लाख 50 हजार रुपये नकद मिले. इसके अलावा करीब 9 लाख 50 हजार रुपये कीमत के गहने भी मिले हैं.
पुलिस को अजय कुमार सिंह के पिता के नाम की 11 जमीन की डीड भी मिली है. तलाशी के दौरान भारतीय स्टेट बैंक की एक पासबुक और गहने खरीदने से जुड़ी छह रसीदें भी मिलीं. इन रसीदों में करीब 5 लाख 50 हजार रुपये की खरीदारी का विवरण है.
पैतृक घर पर कई वाहन भी मिले
अजय कुमार सिंह के पैतृक घर पर कई वाहन भी मिले हैं. इनमें दो जेसीबी मशीन, दो ट्रैक्टर, एक बोलेरो और एक बड़ा बिजली जनरेटर शामिल है. पुलिस इन वाहनों के मालिकाना हक और इन्हें खरीदने में खर्च हुए पैसे के बारे में भी जांच कर रही है.
पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के खाजपुरा में चंद्रतारा भवन स्थित अजय कुमार सिंह के मकान पर भी तलाशी ली गई. यहां से 10 लाख 38 हजार रुपये नकद बरामद हुए. इसके अलावा करीब 41 लाख 81 हजार 977 रुपये कीमत के गहने मिले हैं. जांच टीम को यहां से कई दूसरे महत्वपूर्ण कागज भी मिले हैं.
नोएडा के मकान से जुड़े कागज भी मिले
तलाशी के दौरान नोएडा के सेक्टर 142 में एक मकान से जुड़े कागज मिले हैं. दस्तावेज के अनुसार वहां करीब 1442 वर्गफीट के मकान की बुकिंग की गई है. इस मकान के लिए करीब 60 लाख रुपये से ज्यादा का भुगतान किए जाने की जानकारी कागजों से मिली है. जांच टीम अब इस संपत्ति के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
10 लाख रुपये के गहने खरीदने की रसीद भी मिली
पटना वाले मकान से अलंकार ज्वेलर्स से गहने खरीदने से जुड़ी करीब 10 लाख रुपये की रसीद भी मिली है. इसके अलावा अलग-अलग बैंकों में आठ खातों से जुड़ी पासबुक और एटीएम कार्ड मिले हैं. इन खातों में करीब 18 लाख 50 हजार रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है.
तलाशी के दौरान भारतीय जीवन बीमा निगम और दूसरी बीमा कंपनियों से जुड़ी कुल पांच बीमा पॉलिसियों के कागज भी मिले हैं. इसके अलावा निवेश निधि में पैसा लगाने से जुड़े कागज भी बरामद हुए हैं. जांच टीम इन सभी कागजों की जानकारी जुटा रही है.
स्कॉर्पियो और स्कूटी समेत वाहन भी मिले
पटना वाले ठिकाने से स्कॉर्पियो और स्कूटी समेत दूसरे वाहनों से जुड़ी जानकारी भी मिली है. पुलिस इन वाहनों की खरीद और मालिकाना हक की जांच कर रही है. जांच के दौरान अजय कुमार सिंह का एक तीन मंजिला मकान भी मिला है. पुलिस के अनुसार इस मकान को बनाने और सजाने में काफी पैसा खर्च किया गया है.
आर्थिक अपराध इकाई अब इस मकान की कीमत और इसे बनाने में हुए कुल खर्च का आकलन करेगी. इसके बाद यह देखा जाएगा कि मकान पर खर्च की गई रकम उनकी ज्ञात आय के हिसाब से है या नहीं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
2005 में शिक्षा विभाग में नौकरी शुरू की थी
पुलिस की जानकारी के अनुसार अजय कुमार सिंह ने वर्ष 2005 में बिहार शिक्षा सेवा में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी के पद पर नौकरी शुरू की थी. अब तक हुई तलाशी में जो भी संपत्ति और सामान मिला है, उसकी कीमत उनकी बताई गई आय से काफी ज्यादा होने की बात सामने आई है. बरामद सामान और कागजों की अभी जांच चल रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में अगले 72 घंटे तक जारी रहेगा भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का दौर, IMD का डबल अलर्ट
999 रुपये देकर लगाएं सोलर पैनल, पांच साल में आसान किस्त से चुकाएं पैसा, जानें पूरी योजना
