Patna News : पटना में बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) द्वारा परिधापक (ड्रेसर) भर्ती की लंबित फाइनल मेरिट लिस्ट जारी नहीं किए जाने के विरोध में सोमवार को अभ्यर्थियों ने बीटीएससी कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. प्रदर्शन बिहार परिधापक सेवा संघ के अध्यक्ष मनीष रंजन की अध्यक्षता एवं बाबुल किशोर के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया.
आयोग पर टाल-मटोल का आरोप
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आयोग के अधिकारियों पर टाल-मटोल का रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द अंतिम मेरिट लिस्ट जारी करने की मांग की. उनका कहना था कि लंबे समय से परिणाम का इंतजार किया जा रहा है, जिससे अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ रही है.
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
संघ के अध्यक्ष मनीष रंजन और बाबुल किशोर ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि आयोग अपने वादे के अनुसार तय समय-सीमा के भीतर फाइनल परिणाम जारी नहीं करता है, तो अभ्यर्थी आगे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
राज्यभर से पहुंचे अभ्यर्थी
प्रदर्शन में बिहार के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों ड्रेसर अभ्यर्थी शामिल हुए. सभी ने आयोग से शीघ्र अंतिम मेरिट लिस्ट जारी कर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की.
