अग्निवीर GD भर्ती: दानापुर में सारण के युवाओं की सड़क पर दौड़, करीब 85% अगले चरण में

Danapur Agniveer Recruitment : दानापुर में अग्निवीर जीडी भर्ती परीक्षा में सारण के करीब 550 अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर की दौड़ लगाई, जिसमें 85% से अधिक अगले चरण के लिए चुने गए. भर्ती प्रक्रिया और नतीजों की रिपोर्ट.

Danapur Agniveer Recruitment : दानापुर में अग्निवीर जीडी पद के लिए मंगलवार को सारण जिले के अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर की दौड़ लगायी. बिहार व झारखंड सेना भर्ती मुख्यालय के चांदमारी स्थित नये भवन के पास मैदान में जलजमाव होने के कारण अभ्यर्थियों को सड़क पर जूता पहनाकर दौड़ाया गया. भर्ती प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे.

करीब 750 अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण

भर्ती निदेशक बिंदु अग्रिहोत्री के अनुसार पहले दिन सारण जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गयी. करीब 750 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 550 अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार दौड़ में शामिल अभ्यर्थियों में करीब 85 प्रतिशत अगले चरण के लिए चयनित हुए.

आधी रात से शुरू हुआ अभ्यर्थियों का प्रवेश

अभ्यर्थियों को चांदमारी स्थित भर्ती स्थल के पिछले गेट से रात करीब एक बजे से प्रवेश दिया जाना शुरू किया गया. मैदान से सड़क तक पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों की लंबी कतार लगी रही. इस दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गयी.

सुबह तीन बजे से सड़क पर शुरू हुई दौड़

दस्तावेजों की जांच के बाद सुबह करीब तीन बजे से अभ्यर्थियों को 1600 मीटर की दौड़ के लिए सड़क पर भेजा गया. निर्धारित समय और लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने वाले कुछ अभ्यर्थी दौड़ के दौरान ही बाहर हो गये. इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की अन्य शारीरिक दक्षता जांच की गयी.

लॉन्ग जंप और बीम के साथ दस्तावेजों की जांच

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को आगे की शारीरिक दक्षता प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. इसमें लॉन्ग जंप, बीम समेत अन्य शारीरिक परीक्षण किए गये. इसके साथ ही शैक्षणिक दस्तावेजों की भी जांच की गयी. फिजिकल टेस्ट में चयनित अभ्यर्थियों की आगे मेडिकल जांच की जायेगी.

भर्ती प्रक्रिया की निगरानी के लिए सैन्य अधिकारी तैनात

भर्ती निदेशक बिंदु अग्रिहोत्री ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को स्वच्छ और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए सैन्य अधिकारी को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है. उनकी निगरानी में भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है. दौड़ स्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गये हैं.

फर्जी दस्तावेज लाने वालों पर होगी कार्रवाई

सेना भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को फर्जी दस्तावेज के साथ भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी है. अधिकारियों के अनुसार फर्जी दस्तावेज के साथ पकड़े जाने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

दलालों से सावधान रहने की अपील

भर्ती अधिकारियों ने युवाओं को दलालों से सावधान रहने की सलाह दी है. अधिकारियों के अनुसार कुछ लोग सेना में भर्ती कराने का झूठा आश्वासन देकर गरीब और भोले-भाले युवाओं से ठगी करते हैं. अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह के बिचौलिए के झांसे में नहीं आने की अपील की गयी है.

सड़क पर दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थी घायल

भर्ती प्रक्रिया के दौरान सड़क पर दौड़ लगाने के दौरान कई अभ्यर्थियों के घायल होने की जानकारी सामने आयी. अभ्यर्थी मनीष कुमार का पैर टूट गया, जिसके बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जेपीएन अस्पताल रेफर किया गया.

सारण के युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

अग्निवीर जीडी पद के लिए सारण जिले के युवाओं में खासा उत्साह नजर आया. बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रात से ही भर्ती स्थल पर पहुंचने लगे थे. निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेज जांच, 1600 मीटर दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षणों में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया.

Also Read : पटना के कई इलाकों में आज बिजली रहेगी गुल, रात 9 बजे तक अलग अलग जगहों पर पावर कट, देखें पूरा शेड्यूल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >