नौबतपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
नौबतपुर. नगर पंचायत नौबतपुर में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण पूरे नगर क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था और कचरा उठाव पूरी तरह ठप हो गया है. इससे मुख्य बाजार और विभिन्न मोहल्लों में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है.
बाजार में निकाला पैदल मार्च, लगाए नारे
अपनी मांगों के समर्थन में सफाईकर्मियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर नौबतपुर बाजार में पैदल मार्च निकाला. इस दौरान नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 'सफाईकर्मी संघ जिंदाबाद' और 'सफाई कार्य में ठेकेदारी प्रथा बंद करो' जैसे नारे लगाए.
ठेकेदारी प्रथा खत्म करने समेत कई मांगें
सफाईकर्मी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि सफाई व्यवस्था को ठेकेदारों के बजाय सीधे विभागीय स्तर पर संचालित किया जाना चाहिए. इसके अलावा कर्मियों ने उचित न्यूनतम मजदूरी, कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने की भी मांग की.
अधिकारियों की हड़ताल से नहीं हो पा रही वार्ता
नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद जितेंद्र प्रसाद ने कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की है. हालांकि नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी भावेश कुमार, सिटी मैनेजर और अन्य अधिकारी भी सुरक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर हड़ताल पर हैं. अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण सफाईकर्मियों और प्रशासन के बीच औपचारिक वार्ता नहीं हो पा रही है.
गंदगी से परेशान हुए स्थानीय लोग
सफाई व्यवस्था ठप होने से नौबतपुर के मुख्य बाजार और आवासीय क्षेत्रों में कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं. बदबू और संभावित बीमारियों के खतरे से स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है. नगरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन और सफाईकर्मियों के बीच जल्द समाधान निकलेगा, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था फिर से सामान्य हो सके.
