CBSE Nishtha Training: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है. पहली बार इस सत्र के लिए निष्ठा प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किया गया है. इसका उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रभावी कक्षा प्रबंधन और बेहतर शिक्षण प्रक्रियाओं से परिचित कराना है. निष्ठा पाठ्यक्रमों का पहला चरण अक्तूबर तक चलेगा.
प्री-प्राइमरी से पांचवीं तक के शिक्षकों के लिए FLN और ECC कोर्स
निष्ठा प्रशिक्षण की श्रेणी-दो के तहत निष्ठा FLN और निष्ठा ECC पाठ्यक्रम शुरू किये गये हैं. ये पाठ्यक्रम प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों को पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए हैं. इच्छुक शिक्षकों को 31 अगस्त तक पंजीकरण कराना होगा, जबकि पाठ्यक्रम को 15 सितंबर तक पूरा करना अनिवार्य होगा.
साइबर सुरक्षा से ई-कचरे तक की मिलेगी जानकारी
कार्यक्रम की श्रेणी-तीन में उन्नत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शामिल किये गये हैं. इनमें साइबर सुरक्षा और स्वच्छता, डिजिटल उपकरणों के उचित उपयोग, ई-कचरे से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, एक्शन रिसर्च और ‘कैच द रेन’ जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जायेगा. ये पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध हैं.
दीक्षा पर 845 से अधिक वर्चुअल लैब
निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ सीबीएसई ने दीक्षा प्लेटफॉर्म पर 845 से अधिक वर्चुअल लैब और डिजिटल शिक्षण संसाधन भी उपलब्ध कराये हैं. इन्हें एनसीईआरटी के तहत डिजाइन किया गया है. डिजिटल संसाधनों को कक्षा, विषय और अध्याय के आधार पर व्यवस्थित किया गया है.
इनमें बड़ी संख्या में वर्चुअल लैब विज्ञान और गणित विषयों से संबंधित हैं. विद्यार्थी दीक्षा पोर्टल के माध्यम से इन डिजिटल लैब का इस्तेमाल कर विषयों को प्रयोगात्मक और आसान तरीके से समझ सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: पटना: बख्तियारपुर में दुकान में अचानक लगी आग, 5 महीने की बच्ची समेत तीन जिंदा जले; पूजा के दौरान हादसे की आशंका
