BPSSC Recruitment 2026: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग (होमगार्ड) के तहत कंपनी कमांडर के 65 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. उम्मीदवार 30 जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आयोग ने फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 30 जुलाई 2026 तय की है.
तीन चरणों में होगी परीक्षा
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन कुल तीन चरणों की परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. इसमें सबसे पहले प्रारंभिक लिखित परीक्षा होगी, जिसे पास करने के बाद मुख्य लिखित परीक्षा देनी होगी. इसके बाद आखिरी चरण में फिजिकल टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा. आयोग ने साफ कहा है कि जो अभ्यर्थी तीनों चरणों में सफल होंगे, सिर्फ उन्हीं का नाम फाइनल मेरिट लिस्ट में शामिल किया जाएगा.
जानिए किस कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं कितनी सीटें?
कंपनी कमांडर की कुल 65 रिक्तियों को अलग-अलग वर्गों के हिसाब से बांटा गया है. इसमें सामान्य वर्ग के लिए 26 सीटें रखी गई हैं. इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 10, अनुसूचित जनजाति के लिए 1, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 12, पिछड़ा वर्ग के लिए 7 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 7 पद तय किए गए हैं. पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 2 पद रिजर्व हैं. इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें पुरुष और महिला उम्मीदवारों के साथ-साथ थर्ड जेंडर के अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कौन कर सकता है आवेदन? जानिए जरूरी योग्यता
इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता बेहद सरल रखी गई है. आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास 1 अगस्त 2025 तक किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन या इसके बराबर की कोई डिग्री होना जरूरी है. जिन अभ्यर्थियों के पास यह तय योग्यता नहीं होगी, उनके आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष तय की गई है. सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र 37 वर्ष और महिलाओं के लिए 40 वर्ष निर्धारित है. पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष व महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 40 वर्ष रखी गई है.
इसके साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और थर्ड जेंडर के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष तय की गई है. उम्मीदवारों की उम्र की गिनती 1 अगस्त 2025 को आधार मानकर की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार को मोदी सरकार ने दिया 2900 करोड़ का तोहफा, जानिए कैसे खर्च होगा पैसा और क्या है 50-50 का फॉर्मूला?
