पटना से नीतीश सिंह की रिपोर्ट Patna News : राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. गांधी मैदान थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यक्ति की शर्ट की जेब से आईफोन झपट लिया और मौके से फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ऑफिस जाते समय बनाया निशाना
जमालुद्दीनचक, खगौल निवासी राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि 4 अगस्त की सुबह करीब 10:10 बजे वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से मरीन ड्राइव होते हुए कार्यालय जा रहे थे. आयुक्त कार्यालय के मोड़ से कुछ पहले पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी शर्ट की जेब पर झपट्टा मारकर आईफोन छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए.
सिम कराया बंद, पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद पीड़ित ने मोबाइल में लगे सिम कार्ड को तत्काल बंद करा दिया. इसके बाद गांधी मैदान थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गांधी मैदान थाना पुलिस ने बताया कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
