Bihta Missing Student Dies in Lucknow : पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के एक गांव से 18 सितंबर की दोपहर लापता हुई 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. छात्रा के परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों शंकर राय, दुर्गा राय और लक्ष्मण कुमार पर अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. परिजनों ने बिहटा थाने में तीनों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है.
18 सितंबर को घर से निकली थी छात्रा
परिजनों के अनुसार, छात्रा 18 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी. इसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. परिजनों ने बताया कि छात्रा के अपहरण की जानकारी मिलने के बाद वे रात करीब 10 बजे शिकायत लेकर बिहटा थाना पहुंचे थे. परिजनों के अनुसार, थाना अध्यक्ष ने उनसे सुबह आने को कहा. इसके बाद परिजन वापस लौट गये.
19 सितंबर की सुबह लखनऊ से आया फोन
परिजनों ने बताया कि 19 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे लखनऊ रेल पुलिस की ओर से फोन आया. पुलिस ने बताया कि छात्रा आलमनगर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिली है. सूचना मिलने के बाद परिजन लखनऊ पहुंचे. वहां पता चला कि छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिजनों के मुताबिक, छात्रा किस परिस्थिति में बिहटा से लखनऊ पहुंची और रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में कैसे मिली, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गयी. घटना के बाद परिजन शव लेकर बिहटा पहुंचे और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना पहुंचे.
मां ने तीन युवकों पर लगाया अपहरण, दुष्कर्म व हत्या का आरोप
मृतका की मां ने बिहटा थाने में शंकर राय, दुर्गा राय और लक्ष्मण कुमार के खिलाफ शिकायत दी है. शिकायत में तीनों पर बेटी के अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या करने का आरोप लगाया गया है. मां का कहना है कि उसकी बेटी को गांव के ही युवकों ने अपहरण किया था. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिजनों ने पुलिस पर भी लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि रात में ही पुलिस को सूचना देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गयी. उनका कहना है कि यदि समय रहते छात्रा की तलाश शुरू की जाती, तो शायद उसकी जान बच सकती थी. परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
लखनऊ में मोबाइल मिलने की भी बात
परिजनों के अनुसार, छात्रा के घायल मिलने के स्थान से पुलिस ने एक मोबाइल फोन बरामद किया है. मृतका की मां ने बताया कि लखनऊ पुलिस की ओर से परिजनों को एक मोबाइल फोन दिया गया था. परिजनों का दावा है कि यह मोबाइल नामजद तीन आरोपियों में से किसी एक का हो सकता है. हालांकि, मोबाइल किसके नाम पर है और घटना से उसका क्या संबंध है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
शव बिहटा पहुंचने के बाद थाने पहुंचे परिजन
छात्रा की मौत के बाद परिजन शव लेकर बिहटा पहुंचे. इसके बाद वे बिहटा थाने पहुंचे और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों ने मामले की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मृतका की मां ने बिहार के मुख्यमंत्री से भी नामजद आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है.
21 सितंबर को परिजनों ने दी मामले की जानकारी
बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से 21 सितंबर को मामले की जानकारी दी गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. लखनऊ रेल पुलिस से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है. छात्रा के लापता होने से लेकर लखनऊ में घायल अवस्था में मिलने तक की परिस्थितियों की जांच की जा रही है. उपलब्ध साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
सिटी एसपी ने कहा- मामला गंभीर
पटना पश्चिमी सिटी एसपी साकेत कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
