Patna Cow fell into the well : पटना के बिहटा प्रखंड क्षेत्र के सदीसोपुर-माधोपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक गाय अचानक कुएं में गिर गयी. गाय के कुएं में गिरने की खबर मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गयी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये और गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में लग गये.
मौके पर बुलाई गई जेसीबी
कुएं की गहराई अधिक होने के कारण सामान्य तरीके से गाय को बाहर निकालना संभव नहीं हो पा रहा था. ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर से बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद तत्काल जेसीबी मंगायी गयी और कुएं के पास रास्ता बनाने के लिए खुदाई शुरू की गयी.
जेसीबी से बनाया गया कुएं तक पहुंचने का रास्ता
ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए कुएं के समीप जेसीबी से गड्ढा खोदकर रास्ता बनाया. इसका उद्देश्य गाय तक सुरक्षित तरीके से पहुंचना और उसे बिना नुकसान के बाहर निकालना था. जेसीबी की मदद से रास्ता तैयार होने के बाद ग्रामीणों ने सावधानीपूर्वक बचाव कार्य शुरू किया.
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण गाय को कुएं से बाहर निकालने में सफल रहे. गाय के सुरक्षित बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. समय रहते सामूहिक प्रयास शुरू होने के कारण गाय की जान बचायी जा सकी.
ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना के बाद काफी देर तक मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. इस दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर बचाव कार्य में सहयोग किया और इस बात का भी ध्यान रखा कि गाय को बाहर निकालने के दौरान किसी तरह की लापरवाही न हो.
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुएं में गिरने के बाद गाय को समय पर बाहर नहीं निकाला जाता, तो लंबे समय तक अंदर रहने से उसकी हालत बिगड़ सकती थी. ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
Also Read : पटना से 50 हजार का इनामी अपराधी अंगद बहादुर सिंह गिरफ्तार, कंकड़बाग में बिहार STF ने घेराबंदी कर पकड़ा
