Bihar Weather, Flood Updates : बिहार के नौ जिलों में भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट, जानिए कहां-कहां बरसेंगे बदरा

Bihar Weather Alert, forecast, IMD report, News LIVE Updates : मौसम विभाग ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मॉनसूनी पूरी तरह सक्रिय है. मौसम विभाग ने सोमवार को भी कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जतायी है.सुपौल, चंपारण के जिले, मधुबनी, सीतामढ़ी आदि क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गयी है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि इन इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है.

Live Updates
9:53 PM. 13 Jul 20 9:53 PM. 13 Jul

बिहार में भारी बारिश के साथ ही अधिकांश जगहों पर ठनका गिरने की संभावना

बिहार के नौ जिले मसलन सुपौल, सीतामढ़ी, अररिया, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, रोहतास, कैमूर व औरंगाबाद में कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी की गयी है. इसके अलावा अधिकांश जगहों पर ठनका गिरने की भी संभावना है. सोमवार को मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी मौसम पुर्वानुमान में बताया गया कि वर्तमान में राज्य दक्षिण-पश्चिमी मानसून सक्रिय है.

मानसूनी ट्रफ लाइन बिहार के जमुई व झारखंड के दुमका से गुजर रही है. इसके अलावा पूर्वी बिहार में चक्रवाती हवा का दबाव बना हुआ है. इसके कारण पूरे बिहार में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया आदि शहरों में मंगलवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहने और एक दो जगहों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है. गौरतलब है कि एक दो जिलों को छोड़ कर अन्य सभी जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है़ अब तक पूरे राज्य में सामान्य से 56 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है.

9:53 PM. 13 Jul 20 9:53 PM. 13 Jul

लगातार हो रही बारिश व नदियों में पानी की उफान से फसलों को नुकसान

छपरा : तरैया प्रखंड के तेरह पंचायतों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. ग्रामीण क्षेत्रों व दियारे इलाके में किसानों द्वारा कड़ी मेहनत व अपनी जमापूंजी लगाकर किये गये धान, मक्के की फसल डूबकर क्षतिग्रस्त हो गये. वहीं खेतों में पानी लगने के कारण सब्जी के फसल सड़ गये. लगातार हो रही बारिश व नदियों के बढ़ते जलस्तर काफी बढ़ गये है.

माधोपुर पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष सुशील सिंह ने गंडक नदी तटबंध के समीप स्थित पंचायत के शामपुर, अरदेवा, जिमदाहा, सगुनी, माधोपुर गांव के ग्रामीण गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर देखकर भयभीत है. इन सभी गांवों के ग्रामीणों की फसल तो पहले ही डूब चुके है. अब इन्हें गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से घर परिवार माल मवेशी की चिंता सता रही है. मुखिया श्री सिंह ने इसकी सूचना तरैया सीओ को दिया. ताकि समय रहते इसकी व्यवस्था किया जा सके.

वहीं नारायणपुर पंचायत के मुखिया ताकेश्वर राय व बीडीसी नागेंद्र प्रसाद ने तरैया प्रखंड कृषि पदाधिकारी व सीओ को एक लिखित शिकायत पत्र दिया है. जिसमें कहा गया है कि नारायणपुर पंचायत में भारी बारिश व नदी में बढ़ते पानी से किसानों के धान, मक्के, सब्जी के फसलों की हुई क्षतिपूर्ति की मांग की है. मुखिया व बीडीसी ने क्षतिग्रस्त फसलों की जांच कर क्षतिपूर्ति की मांग की है. वहीं राजद प्रखंड अध्यक्ष व पूर्व मुखिया बीर बहादुर राय ने जिलाधिकारी सारण से तरैया प्रखंड के सभी पंचायतों में किसानों के धान, मक्के फसलों व सब्जी के खेती करने वाले किसानों के खेतों में पानी लगने से सब्जी के फसल डूबकर नष्ट हो गये. किसानों की फसलों की आकलन कर क्षतिपूर्ति की मांग की है.

1:46 PM. 13 Jul 20 1:46 PM. 13 Jul

गोपालगंज में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत शिविर शुरु करने के निर्देश

गोपालगंज में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गयी है. जिले के दो दर्जन से अधिक गांवों में नदी का पानी घुस गया है. डीएम ने सभी सीओ और बीडीओ को बाढ़ ग्रस्त इलाके की पहचान कर राहत शिविर शुरू करने के निर्देश दिये है. डीएम ने लोगो से तटबंधो से बाहर आकर रहने की अपील की है.

1:46 PM. 13 Jul 20 1:46 PM. 13 Jul

चार जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

बिहार में सोमवार का मौसम भी मॉनसून के असर से प्रभावित दिख रहा है. मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और कटिहार को विशेष अलर्ट जारी किया है. साथ ही पूर्वानुमान के मुताबिक नेपाल की तराई से सटे जिले पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश की आशंका जतायी है.

1:46 PM. 13 Jul 20 1:46 PM. 13 Jul

गोपालगंज के 178 गांवों में फैला बाढ़ का पानी, उफान पर गंडक नदी

नेपाल में भारी बारिश और वाल्मीकिनगर बराज से डिस्चार्ज किये गये पानी के कारण गंडक अपने पूरे उफान पर है. कुचायकोट के कालामटिहनिया और सदर प्रखंड के पतहरा में नदी खतरे के निशान से करीब एक मीटर ऊपर बह रही है. रविवार को छह प्रखंडों के 39 पंचायतों के करीब 178 गांव में बाढ़ का पानी फैल गया. बाढ़ के पानी से घिरे गांव का सड़क संपर्क भी टूट चुका है. सारण तटबंध समेत कई छरकियों पर रेनकट व रिसाव होने से हड़कंप मच गया. वहीं, सुबह में बरौली के सलेमपुर में छरकी के पानी का रिसाव होने की सूचना मिली. इसके बाद डीएम सलेमपुर के लिए रवाना हो गये. रात तक पानी का लेवल बढ़ने की आशंका जतायी गयी है.

12:06 PM. 13 Jul 20 12:06 PM. 13 Jul

डीएम मोतिहारी ने किया बेलवा घाट का निरीक्षण

मोतिहारी के जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक के द्वारा बेलवा घाट एंव पताही प्रखंड में बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया गया, एनडीआरएफ एंव प्रशासन की टीम को आपात परिस्थिति हेतु तैयार रहने का दिया निर्देश

12:06 PM. 13 Jul 20 12:06 PM. 13 Jul

सुपौल में बाढ़ के हालात

भारी बारिश से कोसी सहित अन्य सहायक नदियों के जल स्तर में उतार-चढ़ाव जारी है. कोसी बराज से निकला पानी सुपौल, किसनपुर, सरायगढ़, निर्मली, मरौना के दर्जनों गांवों में पानी प्रवेश कर गया है. दर्जनों सड़कें ध्वस्त हो गयी हैं. सुपौल के तटबंध के अंदर के दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है. कोसी का डिस्चार्ज शुक्रवार को ही ढाई लाख क्यूसेक को पार कर चुका था, जो इस वर्ष के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है.

12:06 PM. 13 Jul 20 12:06 PM. 13 Jul

पूर्वी चंपारण के कई इलाकों में पानी घुसा

नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब व्यापक होता नज़र आ रहा है. खासकर पूर्वी चंपारण में कई इलाकों में पानी घुस जाने के कारण नदियों के बांध टूट गए हैं. मोतिहारी के कई प्रखंडों में लोग पलायन करने को मजबूर हैं. जिले के छौड़ादानो में दुधौरा नदी का जमींदारी बांध पानी का दबाब नहीं झेल पाया और नरकटिया के पास बांध टूट गया. दुधौरा नदी का तटबंध टूटने से छौड़ादानो प्रखंड के भतनहिया,नरकटिया, पुरैनिया और रामपुर समेत कई पंचायतें प्रभावित हैं.

12:06 PM. 13 Jul 20 12:06 PM. 13 Jul

बागमती, अधवारा व लालबकेया नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

सीतामढ़ी जिले में नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रहा है. बागमती, अधवारा व लालबकेया नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. आपदा प्रबंधन विभाग के रिपोर्ट के अनुसार रविवार को बागमती नदी के विभिन्न स्थानों पर जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर है. बताया गया की ढेंग में 70 सेमी, सोनाखान में 27 सेमी, डुब्बाघाट में 1.20 मीटर, चंदौली में 46 सेमी व कटौझा में 2.87 मीटर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है. इसी तरह सुंदरपुर के अधवारा में 1.55 मीटर व गोवाबाडी स्थित लालबकेया नदी में 1.30 मीटर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है.

12:06 PM. 13 Jul 20 12:06 PM. 13 Jul

शिवहर में कॉफर डैम क्षतिग्रस्त

शिवहर जिलान्तर्गत पिपराही प्रखंड में बेलवा स्थल पर निर्माणाधीन हेड-रेगुलेटर के सुरक्षा एवं प्रस्तावित स्थल को जल-जमाव से बचाने हेतु निर्मित अस्थाई कॉफर डैम 20 मीटर की लम्बाई में क्षतिग्रस्त हो गया है। आइपीआरडी ने इस कॉफर डैम के क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मति कराये जाने की बात कही है.

12:06 PM. 13 Jul 20 12:06 PM. 13 Jul

दरभंगा जिले में बाढ़ ने दी दस्तक

दरभंगा: नेपाल के तराई क्षेत्र के साथ जिला में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से बाढ़ ने दस्तक दे दी है. दो दर्जन से अधिक गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. चार प्रखंड इससे प्रभावित हो गये हैं.तारडीह, गौड़ाबौराम, घनश्यामपुर व कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड की 75 हजार आबादी प्रभावित हो गयी है. इसमें कुशेश्वरस्थान पूर्वी में अकेले करीब 50 हजार आबादी प्रभावित है. हालांकि जिला प्रशासन घनश्यामपुर के दो टोले में बाढ़ के पानी प्रवेश की पुष्टि कर रहा है. प्रशासन ने इन दोनों टोलों में दो कम्यूनिटी किचन का संचालन भी शुरु कर दिया है.

9:13 AM. 13 Jul 20 9:13 AM. 13 Jul

राजधानी में 15 व 16 को तेज बारिश के आसार

सूबे में मॉनसून सक्रिय है और पूरे प्रदेश में हल्की व तेज बारिश हो रही है. रविवार को उत्तरी व पूर्वी बिहार के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश हुई. राजधानी में पूरे दिन बादल छाये रहे. वहीं, शाम में अचानक मौसम का मिजाज बदलते ही थोड़े देर के लिए झमाझम बारिश शुरू हो गयी. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें, तो राजधानी सहित पूरे प्रदेश में बादल छाया रहेगा और हल्की व तेज बारिश भी होगी. राजधानी व आसपास के इलाकों में 15 व 16 जुलाई को तेज बारिश की संभावना बनी हुई है.

9:13 AM. 13 Jul 20 9:13 AM. 13 Jul

नदियों के जलस्तर में वृद्धि से दहशत में लोग

दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जल ग्रहण क्षेत्रों में पानी भर जाने के कारण प्रखंड क्षेत्र से होकर बहने वाली नदियों में जल स्तर में काफी वृद्धि होने के कारण निचले क्षेत्रों में पानी फैलने लगा है. इसके साथ ही तटबंधों पर पानी का दबाव बढ़ गया है. जल स्तर में वृद्धि की यही रफ्तार रही तो नदियों के किनारे बसे गांव में खेतो में पानी भर जायेगा. इधर मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी अनुसार अति से अत्यधिक वर्षा की चेतावनी से लोग पहले से ही भयभीत हैं. दूसरे दो दिनों से हो रही वर्षा लोगों की परेशानी बढ़ाने के लिए काफी है. हालांकि तटबंधों पर ग्रामीणों की पहरेदारी लगातार हो रही है ताकि बांध में किसी भी तरह से पानी के दवाब का ज्यादा असर ना हो.

9:13 AM. 13 Jul 20 9:13 AM. 13 Jul

मिट्टी का हो रहा है कटाव

जल संसाधन विभाग का कहना है कि शनिवार की रात भारत-नेपाल सीमा के बाद गोवाबारी में ललबेकिया नदी के बांध में सीपेज की समस्या हो गयी थी. उसे ठीक कर लिया गया है. इसके साथ ही शुक्रवार की रात सीतामढ़ी जिले में बागमती नदी के बायें तटबंध के पास कंसार में नदी का पानी वापस लौटकर आ रहा था और मिट्टी का कटाव कर रहा था. वहां सुरक्षात्मक कार्य करवाकर इसे ठीक कर लिया गया है.

7:09 AM. 13 Jul 20 7:09 AM. 13 Jul

बिहार में खतरे के निशान से ऊपर बह रही कई नदियां

बिहार में बागमती, ललबेकिया, कमला नदियों का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर होने की वजह से इनके बांधों की निगरानी बढ़ा दी गयी है. इसके साथ ही अन्य नदियों के बांधों की भी लगातार देखरेख हो रही है. रविवार को शिवहर जिले में बागमती नदी के दायें तटबंध में बेलवा धार के पास स्लुइस गेट लगाने के लिए बनाया गया प्रोटेक्शन वाल नदी की तेज धार से कट गया. हालांकि, इससे बाढ़ का कोई खतरा नहीं है.

मुख्य बातें

Bihar Weather Alert, forecast, IMD report, News LIVE Updates : मौसम विभाग ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मॉनसूनी पूरी तरह सक्रिय है. मौसम विभाग ने सोमवार को भी कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जतायी है.सुपौल, चंपारण के जिले, मधुबनी, सीतामढ़ी आदि क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गयी है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि इन इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >