Bihar Vidhansabha Monsoon Session: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का शुक्रवार को पांचवां और अंतिम दिन है. सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही माहौल गरमा गया. विपक्ष ने छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित फायरिंग का मुद्दा उठाया, जिसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
छात्रों पर फायरिंग का मुद्दा उठाते ही हंगामा
राजू तिवारी ने कहा कि परसों की घटना को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया जाना चाहिए. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा सबको मौका मिलेगा शांति से सदन चलाने दीजिए. राजद विधायक आलोक मेहता ने सदन में कहा कि छात्रों पर गोली चलाई जा रही है. उनके इस बयान का बीजेपी विधायकों ने जोरदार विरोध किया.
सत्ता पक्ष के विधायकों ने कहा कि जो लोग पुलिस और जनप्रतिनिधियों पर जानलेवा हमला करें, उन्हें छात्र नहीं कहा जा सकता. उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निंदा की और इस पर निंदा प्रस्ताव लाने की मांग भी की.
वेल में पहुंचे विधायक, 12 बजे तक स्थगित हुई कार्यवाही
दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ते-बढ़ते हंगामे में बदल गई. कई विधायक वेल तक पहुंच गए. लगातार शोर-शराबे के कारण कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद विधानसभा की बैठक दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.
विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
छात्र संगठनों के प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए विधानसभा परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. केंद्रीय सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाल लिया है. सुरक्षा कारणों से सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक अपनी गाड़ियों से पार्टी का झंडा हटाकर विधानसभा पहुंचे.
तेजस्वी यादव की गैरहाजिरी पर सरकार का तंज
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार पूरे मानसून सत्र से अनुपस्थित रहे. विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी भी अब तक किसी दिन सदन नहीं पहुंचीं.
इसी को लेकर मंत्री श्रवण कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि जनता अगली बार तेजस्वी यादव को नेता प्रतिपक्ष भी नहीं बनाएगी.
आज सदन में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद पथ निर्माण विभाग के मंत्री बिहार अभियंत्रण सेवा वर्ग-2 भर्ती संशोधन नियमावली, 2026 और बिहार तकनीकी सेवा संशोधन नियमावली, 2026 की प्रतियां सदन के पटल पर रखेंगे.
इसके अलावा गैर-सरकारी संकल्प भी लिए जाएंगे. मानसून सत्र का अंतिम दिन होने के कारण विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति समापन भाषण भी देंगे.
विधान परिषद में उठेंगे ये अहम मुद्दे
विधान परिषद में कई जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा.
इनमें प्रमुख विषय हैं-
- भोजपुर स्थित वीर कुंवर सिंह स्मारक और म्यूजियम की बदहाल स्थिति.
- सरकारी विद्यालयों के विशिष्ट और नियोजित शिक्षकों तथा पुस्तकालयाध्यक्षों के लिए सम्मानजनक पेंशन की मांग.
- पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने का मुद्दा.
- वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम अनुपूरक व्यय-विवरणी पर सामान्य चर्चा.
