मिथिला को बड़ी सौगात, मधुबनी-बेनीपट्टी-पुपरी नई रेल लाइन के लिए केंद्र को भेजी गई सिफारिश

Madhubani-Pupri Rail Line: बिहार विधान परिषद में सरकार ने मधुबनी-बेनीपट्टी-पुपरी नई रेल लाइन की सिफारिश केंद्र को भेजने की जानकारी दी. साथ ही लू और वज्रपात को आपदा की सूची में शामिल करने, पटना-डोभी ग्रीन कॉरिडोर बनाने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षकों के ट्रांसफर और नियुक्तियों से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं.

Madhubani-Pupri Rail Line: मधुबनी-बेनीपट्टी-पुपरी नई रेल लाइन को लेकर विधान परिषद में प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय को औपचारिक सिफारिश भेज दी गई है. धनश्याम ठाकुर के गैर सरकारी संकल्प के जवाब में यह जानकारी दी गई.

क्या बोले सुनील कुमार

गुरुवार को 24 से ज्यादा गैर सरकारी संकल्प पेश हुए. शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि राइट टू एजुकेशन के तहत 86 हजार कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों का नामांकन कराया गया है. राज्य सरकार अपने कुल बजट का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च कर रही है. अभी 1.9 करोड़ बच्चों को मध्याह्न भोजन दिया जा रहा है.

अल्पसंख्यक माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों को स्पेशल फाइनेंसियल सुविधाएं देने के सवाल पर मंत्री ने साफ किया कि वहां नियुक्ति स्कूल प्रबंधन समिति करती है. इसलिए विशिष्ट शिक्षकों जैसी सुविधाएं देना संभव नहीं है. उन्होंने यह कहा कि कई जिलों में शिक्षकों की कमी है तो कहीं जरूरत से ज्यादा शिक्षक हैं. सत्र खत्म होने के बाद जिलावार समीक्षा कर संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी. 2005 में जहां 61 बच्चों पर एक शिक्षक था, अब यह अनुपात घटकर 29 बच्चों पर एक शिक्षक हो गया है.

छात्रवृत्ति के मुद्दे पर बताया कि 10.08 लाख विद्यार्थियों को 447 करोड़ रुपये से ज्यादा की स्कॉलरशिप दी जा चुकी है. कुछ मामलों में डाटा सुधार का काम चल रहा है. कॉलेजों में 2700 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है और बाकी रिक्तियों की प्रक्रिया जारी है. गेस्ट टीचर की सेवा 65 वर्ष तक बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है. लेकिन 211 नए डिग्री कॉलेज खोलने की योजना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कई बड़े निर्णय लिए गए

पर्यावरण के मुद्दे पर प्रभारी मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि डोभी से पटना तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा. सड़क किनारे गूलर, आम, नीम, पाकड़, बरगद, पीपल और जामुन जैसे पेड़ लगाए जाएंगे. हर 10 किलोमीटर पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे.

आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद ने बताया कि लू और वज्रपात को आपदा की सूची में शामिल कर लिया गया है. एक अप्रैल से यह नियम लागू होगा। इस साल बिहार में वज्रपात से 345 मौतें हुई हैं.

विधान परिषद में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने के प्रस्ताव पर मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि भारत का राष्ट्रीय पशु पहले से बाघ है, इसलिए यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जा सकता. इस मुद्दे पर सदन में कुछ देर बहस भी हुई, लेकिन अंत में प्रस्ताव खारिज कर दिया गया.

इसे भी पढ़ें: सीमांचल में जल्द शुरू होगा बड़ा अभियान, शाह बोले- गरीबों का राशन छीनने वालों की खैर नहीं

पटना से डोभी तक बनेगा 130 किमी लंबा ग्रीन कॉरिडोर, किनारे लगेंगे आम और जामुन के पेड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >