Bihar TRE-4 Recruitment 2026 : बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. शिक्षा विभाग ने विषयवार और कक्षावार रिक्तियों का विस्तृत प्रस्ताव बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दिया है. अब आयोग जल्द ही भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर सकता है.
TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की होगी भर्ती
दरअसल, बिहार शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) में कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. इसमें प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए अलग-अलग विषयों में शिक्षकों की बहाली होगी. शिक्षा विभाग ने रिक्तियों का प्रस्ताव बीपीएससी को भेज दिया है और अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी चल रही है.
प्लस-टू स्कूलों में 16,101 पद, रसायन विज्ञान में सबसे ज्यादा वैकेंसी
उच्च माध्यमिक विद्यालयों (11वीं-12वीं) के लिए 22 विषयों में 16,101 पद स्वीकृत किए गए हैं. इनमें सबसे अधिक रसायन विज्ञान (Chemistry) के 3,695 पद हैं. इसके बाद भौतिक विज्ञान (1,758), अंग्रेजी (1,321), वनस्पति विज्ञान (1,078) और मनोविज्ञान (1,030) के पद शामिल हैं. वहीं सबसे कम रिक्तियां उद्यमशीलता (58), लेखाशास्त्र (66), दर्शनशास्त्र (80) और व्यवसाय अध्ययन (133) में हैं.
9वीं-10वीं के लिए 3,877 पदों पर होगी नियुक्ति
माध्यमिक विद्यालयों (9वीं-10वीं) में कुल 3,877 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. शिक्षा विभाग ने सभी 38 जिलों के लिए विषयवार और जिलावार रिक्तियों का विवरण तैयार किया है. सबसे अधिक पद सामाजिक विज्ञान (756), अंग्रेजी (696), उर्दू (660), गणित (570) और विज्ञान (463) विषयों में हैं.
इन जिलों में सबसे ज्यादा और सबसे कम रिक्तियां
9वीं-10वीं की भर्ती में पटना, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, सारण और पूर्णिया में सबसे अधिक रिक्तियां निर्धारित की गई हैं. वहीं शेखपुरा, शिवहर, अरवल, लखीसराय और जमुई जैसे छोटे जिलों में विद्यालयों की संख्या कम होने के कारण पदों की संख्या भी अपेक्षाकृत कम रखी गई है.
प्राथमिक विद्यालयों में 3,847 पद
कक्षा 1 से 5 तक कुल 3,847 रिक्तियां प्रस्तावित हैं. सामान्य विषय – 3,065, उर्दू – 757 और बांग्ला – 25 पद रिक्ट हैं.
छठी से आठवीं में विज्ञान-गणित की सबसे अधिक सीटें
कक्षा 6 से 8 तक कुल 8,563 पदों पर भर्ती होगी. इनमें सबसे अधिक रिक्तियां विज्ञान एवं गणित (2,188) और अंग्रेजी (1,929) विषय में हैं.
अन्य विषयों की रिक्तियां इस प्रकार हैं.
संस्कृत – 1,225, सामाजिक विज्ञान – 1,190, हिंदी – 1,096 और उर्दू – 935
संशोधित अधियाचना में बदली सीटों की संख्या
शिक्षा विभाग ने संशोधित प्रस्ताव में कुछ पदों की संख्या कम की है. 9वीं-10वीं के लिए पहले 9,083 पद प्रस्तावित थे, जिन्हें घटाकर 3,877 कर दिया गया. यानी 5,206 पद कम हुए. 11वीं-12वीं के लिए पहले 16,774 पद प्रस्तावित थे, जिन्हें संशोधित कर 16,101 किया गया. यानी 673 पद कम हुए.
जल्द जारी हो सकता है BPSC का नोटिफिकेशन
शिक्षा विभाग द्वारा अधियाचना भेजे जाने के बाद अब बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) जल्द ही TRE-4 भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर सकता है. इसके बाद ऑनलाइन आवेदन, परीक्षा और चयन प्रक्रिया शुरू होगी.
Also Read : बिहार शिक्षक ट्रांसफर में नई मुश्किल, पोर्टल पर '404 Error', विभाग ने जारी किया नया फॉर्म
