बिहार के शिक्षकों का 5 जून के बाद फ्रीज होगा डाटा, ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर 54 जानकारी भरना हुआ अनिवार्य

Bihar Teacher E-Shikshakosh: बिहार के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्देश जारी किया है. इ-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रोफाइल अपडेट करने का अंतिम मौका दिया गया है. सभी शिक्षकों को 5 जून तक अपनी पूरी जानकारी अपडेट करनी होगी. तय समय के बाद प्रोफाइल की जानकारी फ्रीज कर दी जाएगी.

Bihar Teacher E-Shikshakosh: बिहार के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल अपडेट करने का शिक्षा विभाग ने अंतिम मौका दिया है. सभी शिक्षकों को पांच जून तक प्रोफाइल के सभी 54 अनिवार्य फील्ड को अपडेट करना होगा. निर्धारित समय के बाद उपलब्ध जानकारी को फ्रीज कर दिया जायेगा. प्राथमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है. विभाग की समीक्षा में पाया गया है कि बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अब तक अपना प्रोफाइल अपडेट नहीं किया है या उनके प्रोफाइल में कई जरूरी जानकारियां दर्ज नहीं हैं.

48 घंटे के अंदर अपनी जानकारी जांचकर सबमिट करनी होगी

विभाग के अनुसार शिक्षक प्रोफाइल में कुल 54 अनिवार्य फील्ड हैं. इनमें पांच प्रमुख श्रेणियां शामिल हैं पंजीकरण से संबंधित सूचना, पदस्थापन विवरण, व्यक्तिगत सूचना, स्थायी पता और वर्तमान पता. इन सभी जानकारियों का सही तरीके से दर्ज होना आवश्यक है. जिन शिक्षकों के पंजीकरण या व्यक्तिगत सूचना में गलती है, वे संबंधित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को आवेदन देंगे. सत्यापन के बाद सुधार किया जायेगा. सुधार के 48 घंटे के अंदर शिक्षक को अपनी जानकारी जांचकर सबमिट करनी होगी, जिसके बाद विवरण फ्रीज हो जायेगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

वर्तमान पता में बदलाव की सुविधा भी शिक्षकों को दी गयी

विभाग ने बताया है कि करीब 75 प्रतिशत शिक्षकों के प्रोफाइल में स्थायी पता पहले से मौजूद है. शिक्षक अपने लॉगिन आइडी से स्थायी और वर्तमान पता देख व अपडेट कर सकेंगे. आवश्यकतानुसार जिला, प्रखंड, पंचायत, डाकघर, पिन कोड, गांव और वार्ड संख्या जैसी जानकारी भरनी होगी और आवासीय प्रमाण पत्र भी अपलोड करना होगा.

वर्तमान पता में बदलाव की सुविधा भी शिक्षकों को दी गयी है. यदि स्थायी और वर्तमान पता समान है तो शिक्षक चेक बॉक्स पर टिक कर जानकारी अपडेट कर सकेंगे. जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिदिन शिक्षक मॉड्यूल के माध्यम से प्रोफाइल अपडेट की स्थिति की समीक्षा करें. जिन शिक्षकों के विवरण में कमी मिले, उनसे संपर्क कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कराया जाये. विभाग ने सभी जिलों को पांच जून तक यह कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया है.

इसे भी पढ़ें: अयोध्या से सीतामढ़ी सिर्फ 5 घंटे, 6155 करोड़ की लागत से 2027 तक तैयार होगा राम-जानकी मार्ग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >