Bihar Crime News: बिहार में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए STF ने दो वांछित माओवादियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहां दोनों लंबे समय से छिपकर रह रहे थे और लगातार ठिकाना बदल रहे थे.
इनकी हुई पहचान, कई गंभीर मामलों में थे वांछित
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत पासवान और संतोष साह उर्फ अनिल साह के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों पर हत्या, आर्म्स एक्ट और नक्सल गतिविधियों से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
गुप्त सूचना के आधार पर ऑपरेशन सफल
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, दोनों को पकड़ने के लिए काफी समय से प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी. इसके बाद STF को ऑपरेशन में लगाया गया. गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर सुजीत पासवान को उसके घर से गिरफ्तार किया. वह 2013 के आर्म्स एक्ट और एनआईए एक्ट के मामले में वांछित था और मुजफ्फरपुर के कई थानों में उसके खिलाफ पांच केस दर्ज हैं.
दूसरा आरोपी भी घर से दबोचा गया
वहीं संतोष साह उर्फ अनिल साह को भी उसके घर से गिरफ्तार किया गया. वह 2013 के सीएलए एक्ट मामले में वांछित था. उसके खिलाफ बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या और आर्म्स एक्ट सहित कुल नौ मामले दर्ज बताए जा रहे हैं.
पूरे नेटवर्क पर पुलिस की नजर, लगातार छापेमारी
गिरफ्तार माओवादियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. उनके बताए ठिकानों के आधार पर पुलिस अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और अन्य जिलों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
रिमांड की तैयारी, और खुलासे की उम्मीद
पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि नक्सल नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिल सके. इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है.
Also Read: चैती छठ से पहले पटना में अलर्ट, 8 घाट खतरनाक घोषित, प्रशासन ने नाव पर भी लगाई रोक
